किश्तवाड़ में 2 SPO की हत्या के बाद गृह सचिव-IB चीफ का जम्मू दौरा, बचे पाकिस्तानी आतंकियों के सफाए का बनेगा प्लान!
केंद्रीय गृह सचिव और खुफिया ब्यूरो निदेशक जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा स्थिति का व्यापक आकलन करने के लिए जम्मू पहुंच रहे हैं। यह बैठक आतंकवाद विरोधी अभियानों की समीक्षा, सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने की रणनीति पर केंद्रित होगी।

जम्मू कश्मीर में सुरक्षा का जायजा लेंगे केंद्रीय गृह सचिव और IB चीफ। (फाइल फोटो)
HighLights
केंद्रीय गृह सचिव, आईबी निदेशक जम्मू में सुरक्षा समीक्षा करेंगे।
आतंकवाद विरोधी अभियानों, सुरक्षा चुनौतियों पर उच्चस्तरीय बैठक होगी।
पाकिस्तानी आतंकियों के खात्मे, चुनाव सुरक्षा पर रणनीति बनेगी।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ जारी अभियान और सुरक्षा चुनौतियों के बीच केंद्र सरकार एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक आकलन करने जा रही है। केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन और खुफिया ब्यूरो के निदेशक महेश दीक्षित गुरुवार को जम्मू पहुंचेंगे। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में होने वाली उच्चस्तरीय बैठक में देश की प्रमुख सुरक्षा एजेंसियों के शीर्ष अधिकारी भी हिस्सा लेंगे।
इससे पहले केंद्रीय गृह 14-15 जनवरी 2026 को जम्मू के दो दिवसीय दौरे पर आए थे। यह बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब कुछ दिन पहले ही किश्तवाड़ में आतंकियों ने दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) की हत्या कर दी थी।
इस घटना ने जम्मू संभाग में आतंकवाद की चुनौती और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।
जम्मू से कश्मीर तक सुरक्षा हालात की होगी समीक्षा
सूत्रों के मुताबिक, 26 नवंबर को होने वाली बैठक में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के महानिदेशक, जम्मू-कश्मीर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, खुफिया एजेंसियों के प्रतिनिधि और अन्य सुरक्षा अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में जम्मू संभाग से लेकर कश्मीर घाटी तक के सुरक्षा हालात का विस्तृत आकलन किया जाएगा।
बैठक का प्रमुख एजेंडा आतंकवाद विरोधी अभियानों की समीक्षा, सुरक्षा तंत्र को और मजबूत बनाना तथा भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए रणनीति तैयार करना होगा।
पाकिस्तानी आतंकियों के खात्मे के लिए बनेगी रणनीति
सूत्रों का कहना है कि जम्मू-कश्मीर में सक्रिय बचे हुए पाकिस्तानी आतंकियों के खात्मे के लिए उठाए जाने वाले कदमों और आने वाले महीनों में सुरक्षा बलों की आपरेशनल तैयारियों पर भी विशेष चर्चा होगी।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में जम्मू-कश्मीर में निकट भविष्य में पंचायत व नगर निकाय चुनावों कराए जाने की संभावना के संदर्भ में सुरक्षा परिदृश्य पर भी चर्चा होगी।
वहीं, केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जम्मू-कश्मीर में सक्रिय आखिरी स्थानीय आतंकी के मारे जाने की घटना भी इस बैठक की पृष्ठभूमि में महत्वपूर्ण है। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियों के शीर्ष अधिकारी पाकिस्तानी आतंकियों की मौजूदगी, उनके नेटवर्क और उन्हें सहायता पहुंचाने वाले तंत्र को खत्म करने के उपायों पर विचार कर सकते हैं।
यह बैठक जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के शेष नेटवर्क को ध्वस्त करने, सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने और आने वाले समय के लिए प्रभावी सुरक्षा रणनीति तैयार करने के लिहाज से अहम मानी जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।