किश्तवाड़-कुलगाम की घटनाओं के बाद पुलिस अलर्ट, DGP नलिन प्रभात ने बुलाई हाईलेवल बैठक; सर्दियों की सुरक्षा पर जोर
डीजीपी नलिन प्रभात ने किश्तवाड़ और कुलगाम की घटनाओं के बाद जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए एक उच्चस्तरीय बैठक की। इस बैठक में आतंकवाद विरोधी अभियानों की प्रगति, सर्दियों में निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया गया।

DGP ने संवेदनशील इलाकों की निगरानी बढ़ाने पर दिया जोर । (फाइल फोटो)
HighLights
डीजीपी ने किश्तवाड़ कुलगाम घटनाओं के बाद सुरक्षा समीक्षा बैठक की।
आतंकवाद विरोधी अभियानों की प्रगति और सर्दियों में निगरानी पर चर्चा।
उपराज्यपाल के निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया गया।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। किश्तवाड़ और कुलगाम में हालिया घटनाओं के बाद जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हलचल तेज हो गई है। इसी बीच पुलिस महानिदेशक (DGP) नलिन प्रभात ने शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर सुरक्षा परिदृश्य का जायजा लिया। बैठक में जारी आतंकवाद विरोधी अभियानों की प्रगति, सुरक्षा तैयारियों और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया।
यह बैठक शुक्रवार को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक के बाद आयोजित की गई। इसका उद्देश्य उपराज्यपाल की ओर से जारी निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय और जवाबदेही सुनिश्चित करना था।
बैठक में एसडीजी समन्वय, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे, पुलिस महानिरीक्षक सुरक्षा और पुलिस महानिरीक्षक जम्मू जोन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। अधिकारियों ने मौजूदा सुरक्षा अभियानों की स्थिति, विभिन्न क्षेत्रों में तैनाती, परिचालन तैयारियों और सुरक्षा से जुड़े इंतजामों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।
सर्दियों में संवेदनशील इलाकों पर बढ़ेगी निगरानी
किश्तवाड़ और कुलगाम में सामने आई घटनाओं के बीच इस समीक्षा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इन घटनाओं के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियों के सामने संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बनाए रखने और आतंकवादी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की चुनौती है।
सर्दियों के मौसम को देखते हुए निगरानी तंत्र को सक्रिय रखना और सुरक्षा संबंधी तैयारियों में किसी भी तरह की ढिलाई न होने देना भी बैठक के प्रमुख मुद्दों में शामिल रहा।
LG के निर्देशों के बाद सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को जम्मू स्थित लोक भवन में सुरक्षा हालात की समीक्षा करते हुए उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आतंकवादी और अलगाववादी तंत्र के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों को आपसी तालमेल के साथ काम करने, सर्दियों के दौरान निगरानी बढ़ाने और विशेष रूप से जम्मू संभाग में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया था।
डीजीपी की ताजा बैठक इसी व्यापक सुरक्षा रणनीति का हिस्सा है। इसके जरिए जारी अभियानों की प्रगति पर नजर रखने और उपराज्यपाल के निर्देशों को प्रभावी ढंग से लागू करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। मौजूदा परिस्थितियों में सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती केवल अभियानों को जारी रखना ही नहीं, बल्कि संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार सतर्कता और मजबूत समन्वय बनाए रखना भी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।