विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू से श्रीनगर तक रेजिडेंट डॉक्टर्स का प्रदर्शन, स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर अड़े; इल्तिजा मुफ्ती ने दिया समर्थन

Published: Mon, 23 Nov 2026 06:17 PM (IST)

जम्मू-कश्मीर के सभी मेडिकल कॉलेजों में रेजिडेंट डॉक्टरों की स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर पांचवें दिन भी हड़ताल जारी रही। डॉक्टरों ने एक समान स्टाइपेंड की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।

इल्तिजा मुफ्ती GMC श्रीनगर में प्रदर्शन कर रहे PG डॉक्टरों के साथ शामिल हुईं। फोटो- जागरण /साहिल मीर

इल्तिजा मुफ्ती GMC श्रीनगर में प्रदर्शन कर रहे PG डॉक्टरों के साथ शामिल हुईं। फोटो- जागरण /साहिल मीर

HighLights

  1. रेजिडेंट डॉक्टरों की स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर हड़ताल जारी।

  2. जम्मू-कश्मीर के सभी मेडिकल कॉलेजों में पांचवें दिन प्रदर्शन।

  3. नए मेडिकल कॉलेजों में मरीजों को हो रही है परेशानी।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर जम्मू-कश्मीर के सभी मेडिकल कालेजों में लगातार पांचवें दिन भी रेजिडेंट डाक्टरों की हड़ताल जारी रही।डाक्टरों का कहना है कि जब तक उनकी मांग को पूरा नहीं किया जाता और एक ही प्रदेश में सभी को बराबर का स्टाइपेंड नहीं दिया जाता, तब तक हड़ताल जा रहेगी।

जीएमसी जम्मू में रेजिडेंट डाक्टरों ने सोमवार की सुबह कालेज परिसर में रैली निकाली। रैली में शामिल डाक्टर हाथों में नारे लिखी तख्तियां उठाए हुए थे। वे एक राज्य एक जैसा स्टाइपेंड के नारे लगा रहे थे।

कालेज परिसर में आयोजित यह रैली ओपीडी के बाहर संपन्न हुई।इसके बाद डाक्टर धरने पर बैठ गए। उनका कहना था कि स्किम्स के रेजिडेंट डाक्टरों को उनसे कहीं अधिक स्टाइपेंड मिलता है। ऐसे में उन्हें भी बराबा का स्टाइपेंड दिया जाना चाहिए।प्रदर्शन डा. तरुण शर्मा के नेतृत्व में हुआ।

डॉक्टरों के समर्थन में उतरीं इल्तिजा मुफ्ती

वहीं जीएमसी श्रीनगर में भी डाक्टरों ने जोरदार प्रदर्शन किया। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के मंत्री के आने पर प्रदर्शन और तेज हुआ। श्रीनगर में डाक्टरों का समर्थन करने पीडीपी नेता इल्तिजा मुफ्ती भी पहुंची। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार डाक्टरों की आवाज को दबाने के लिए तानाशही कर रही है। उन्होंने डाक्टरों का स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग की और पीडीपी की ओर से पूरा समर्थन देने की घोषणा की।

इल्तिजा ने कहा कि अगर किसी भी हड़ताली डाक्टर के खिलाफ कोई कार्रवाई हुई तो आंदोलन होगा। वहीं रेजिडेंट डाक्टर दिन भी धरने पर बैठे रहे। जीएमसी श्रीनगर में प्रशासन की आेरे से सख्त रवैया अपनाया गया।मुख्य गेट के बाहर पुलिस तैनात थी और कइयों को भी भीतर जाने से भी रोका जा रहा है।

बारामुला-अनंतनाग में नोटिस के बावजूद आंदोलन पर अड़े डॉक्टर

वहीं जम्मू के कठुआ, राजौरी, उधमपुर और डोडा मेडिकल कालेजों में भी रेजिडेंट डाक्टरों ने प्रदर्शन किया। कश्मीर के बारामुला और अनतंनाग में नोटिस के बावजूद डाक्टरों का आंदोलन जारी रहा।

उनका कहना है कि मंगलवार को छुट्टी के दिन भी सभी मेडिकल कालेजों में शांतिपूर्वक प्रदर्शन होगा।श्रीनगर के कई जिला अस्पतालों में डीएनबी कर रहे डाक्टरों ने भी हड़ताल का समर्थन किया है।

सभी जगहों पर काम

जीएमसी जम्मू में हड़ताल के कारण मरीजों को दिक्कतें नहीं हो रही है। हडताल के बावजूद रेजिडेंट डाक्टर अधिकांश जगहों पर डयूटी दे रहे हैं।वरिष्ठ डाक्टरों ने हालांकि इस दौरान ओपीडी, आपरेशन थियेटरों में कमान संभाली है लेकिन वे भी रेजिडेंट डाक्टरों की जरूरत पड़ने पर सहायता ले रहे हैं।

हालांकि मेडिकल कालेज प्रबंधन हड़ताल को समाप्त करने के लिए सख्ती भी कर रहे हैं। विशेषकर नए मेडिकल कालेजों में जहां पर गैर राजपत्रित कर्मचारी भी सेवा भर्ती नियम सात वर्ष से अधिसूचित न होने के विरोध में हड़ताल पर हैं।

राजौरी मेडिकल कालेज में तो गैर राजपत्रित कर्मचारी भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। इन नए मेडिकल कालेजों में मरीज दरबदर हो रहे हैं। ओपीडी सेवाएं और रूटीन में होने वाली सर्जरी प्रभावित हो रही हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।