विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू-कश्मीर में SI भर्ती परीक्षा की तैयारी पूरी, नकल रोकने के लिए कड़े इंतजाम; ID-एडमिट कार्ड की होगी सख्त जांच

Published: Sat, 28 Nov 2026 12:44 PM (IST)

JK Police SI Exam: जम्मू-कश्मीर में सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा रविवार को आयोजित होगी, जिसमें 95,734 अभ्यर्थी शामिल होंगे। निष्पक्ष आयोजन के लिए जेकेएसएसबी ने व्यापक तैयारियां की हैं।

जम्मू-कश्मीर में SI भर्ती परीक्षा में 95,734 अभ्यर्थी शामिल होंगे (फाइल फोटो)

जम्मू-कश्मीर में SI भर्ती परीक्षा में 95,734 अभ्यर्थी शामिल होंगे (फाइल फोटो)

HighLights

  1. 95,734 अभ्यर्थी देंगे सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा।

  2. जम्मू जिले में परीक्षा के लिए 78 केंद्र बने।

  3. निष्पक्ष व पारदर्शी परीक्षा हेतु व्यापक तैयारियां की गईं।

जागरण संवाददाता, जम्मू। फाइनांस अकाउंट असिस्टेंट की परीक्षा में नकल के मामले के बीच जम्मू-कश्मीर पुलिस में सब इंस्पेक्टर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा रविवार को प्रदेशभर में आयोजित की जाएगी। परीक्षा के सुचारु और निष्पक्ष आयोजन को लेकर जम्मू-कश्मीर सर्विसेज सिलेक्शन बोर्ड (जेकेएसएसबी) और प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा केंद्र बनाए गए स्कूलों और कालेजों में शनिवार को अवकाश घोषित किया गया है, ताकि परीक्षा संबंधी व्यवस्थाएं पूरी की जा सकें।

इस परीक्षा में प्रदेशभर से 95,734 अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिनमें जम्मू संभाग के 49,218 उम्मीदवार हैं। जम्मू जिले में परीक्षा के लिए 78 केंद्र बनाए गए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सभी केंद्रों को शुक्रवार से ही सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। परीक्षा केंद्र रविवार सुबह 10 बजे अभ्यर्थियों के लिए खोले जाएंगे। दोपहर एक से तीन बजे तक ओएमआर आधारित लिखित परीक्षा होगी।

परीक्षा ड्यूटी से पहले 3000 कर्मचारियों को दी गई ट्रेनिंग

इसी बीच जेकेएसएसबी ने शुक्रवार को कन्वेंशन सेंटर जम्मू में तीन हजार से अधिक परीक्षा पर्यवेक्षकों और सहायक कर्मचारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया।

इसमें बोर्ड के सदस्य एवं जम्मू जिला समन्वयक राकेश कुमार और सुधीर बाली ने परीक्षा ड्यूटी से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियों, परीक्षा संचालन की प्रक्रियाओं और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।

एडमिट कार्ड से लेकर पहचान पत्र तक की होगी सख्ती से जांच

अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड और पहचान पत्रों की जांच, तलाशी प्रक्रिया, परीक्षा केंद्रों में अनुशासन बनाए रखने और नकल रोकने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा प्रश्नपत्रों की गोपनीयता, बैठने की व्यवस्था और परीक्षा सामग्री के सुरक्षित संचालन संबंधी निर्देश भी दिए गए।

ड्यूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, कर्मचारियों को सतर्क रहने को कहा

बोर्ड सदस्यों ने कहा कि इतनी बड़ी परीक्षा के सफल आयोजन के लिए सभी कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय, सतर्कता और जिम्मेदारी जरूरी है। उन्होंने ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। जेकेएसएसबी ने परीक्षा को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।