जम्मू-कश्मीर: पाकिस्तान में बैठे 5 आतंकियों की संपत्ति पर बड़ी कार्रवाई, रियासी में 27 कनाल जमीन होगी कुर्क
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने रियासी के पांच हिजबुल मुजाहिदीन आतंकियों की संपत्तियां कुर्क करने को मंजूरी दी है। ये आतंकी पाकिस्तान से जम्मू-कश्मीर में गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे थे।

जम्मू-कश्मीर में हिजबुल के पांच आतंकियों की संपत्ति कुर्क होगी । (AI Generated)
HighLights
डीजीपी ने पांच हिजबुल आतंकियों की संपत्ति कुर्की को मंजूरी दी।
आतंकी पाकिस्तान से जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे थे।
यूएपीए धारा 25 के तहत आतंकी फंडिंग रोकने को कार्रवाई।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। जम्मू-कश्मीर में आतंकियोें के पारिस्थितिक तंत्र के समूल नाश के अभियान के तहत पुलिस प्रशासन ने जम्मू प्रांत में जिला माहौर, रियासी के रहने वाले हिजबुल मुजाहिदीन के पांच कथित आतंकियों अचल संपत्तियां कुर्क करने की प्रक्रिया को मंजूरी दे दी गई है। यह पांचों आरोपित आतंकी कथित तौर पर पाकिस्तान में रहकर जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने में सक्रिय हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि माहौर, रियासी के पांच आतंकियों की संपत्तियों की कुर्की की मंजूरी पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नलिन प्रभात ने गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की धारा 25 के तहत प्रदान की है। यह कार्रवाई पुलिस थाना माहौर में दर्ज एफआईआर नंबर 70/2024 के आधार पर की जा रही है।
पाकिस्तान में बैठे लोगों के संपर्क से सामने आया आतंकी नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, थाना माहौर को मिली शुरुआती सूचना में पाकिस्तान में मौजूद लोगों द्वारा सीमा पार से हथियार, गोला-बारूद और धनराशि उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र में आतंकवादी गतिविधियों को फिर से सक्रिय करने की कोशिशों का खुलासा हुआ था। जांच और गवाहों के बयानों के आधार पर पांच आरोपित आतंकियों की पहचान हुई।
मामले की जांच में सामने आया कि पांचों आरोपी हथियारों का प्रशिक्षण लेने के लिए पाकिस्तान गए थे और वहां से हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकी नेटवर्क के लिए काम कर रहे हैं।
उन पर जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियों को दोबारा सक्रिय करने, हथियार और गोला-बारूद उपलब्ध कराने, आर्थिक सहायता पहुंचाने तथा स्थानीय युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलकर आतंकी नेटवर्क में शामिल करने के प्रयासों में संलिप्त हैं।
आतंकी गतिविधियों के लिए फंड जुटाने को जमीन बेचने की कोशिश
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पांचों आरोपित आतंकी अपनी पैतृक जमीन बेचने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस को आशंका थी कि जमीन की बिक्री से हासिल होने वाली रकम का इस्तेमाल जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियों को वित्तीय सहायता देने के लिए किया जा सकता है।
इसी आधार पर संबंधित संपत्तियों को यूएपीए के प्रविधानों के तहत 'आतंकवाद से अर्जित संपत्ति' की श्रेणी में रखा गया है। डीजीपी ने अधिनियम की धारा 25 के तहत इन संपत्तियों की कुर्की के लिए पूर्व अनुमति दे दी है।
पांच आतंकियों की जमीन कुर्क
प्रवक्ता ने बताया कि आतंकी मोहम्मद कयूम उर्फ अब्दुल कयूम पुत्र गुलाम मोहम्मद, निवासी शाडोल, माहौर की दो कनाल 7.5 मरला, आतंकी बशीर अहमद उर्फ मासूम पुत्र कमर दीन, निवासी बद्दर की तीन कनाल 8 मरला, आतंकी शौकत अली पुत्र रोशन दीन, निवासी हुंडर, अरनास की तीन कनाल 10 मरला,मंजूर अहमद उर्फ मंजूर हुसैनपुत्र मोहम्मद दीन, निवासी खांटी, थुरू की 15 कनाल 19 मरला और आतंकी इम्तियाज अहमद: पुत्र मोहम्मद मकबूल, निवासी थुरू 3 कनाल 10 मरला जमीन की कुर्की की जा रही है। इन पांचों के नाम दर्ज जमीन का कुल रकबा 27 कनाल 4.5 मरले बताया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।