विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रणजी ट्रॉफी: पहले गेंद से मचाया धमाल, फिर बल्ले से जवाब, जम्मू-कश्मीर ने पुडुचेरी के खिलाफ की शानदार वापसी

Published: Tue, 03 Nov 2026 06:52 PM (IST)

रणजी ट्रॉफी में जम्मू-कश्मीर ने पुडुचेरी के 385 रनों के जवाब में बिना विकेट खोए 149 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज ...और पढ़ें

जम्मू-कश्मीर की टीम अभी भी पुडुचेरी के पहली पारी के 385 रन के जवाब में 236 रन पीछे। (फोटो- जागरण/साहिल मीर)

जम्मू-कश्मीर की टीम अभी भी पुडुचेरी के पहली पारी के 385 रन के जवाब में 236 रन पीछे। (फोटो- जागरण/साहिल मीर)

HighLights

  1. पुडुचेरी ने पहली पारी में 385 रन बनाए।

  2. जम्मू-कश्मीर के सलामी बल्लेबाजों ने 149 रन जोड़े।

  3. टीम अभी भी 236 रन पीछे, 10 विकेट शेष।

जागरण संवाददाता, जम्मू। सुनील कुमार की घातक गेंदबाजी (6 विकेट) के बाद सलामी बल्लेबाजों शुभम खजुरिया और कामरान इकबाल की जोड़ी ने शानदार शुरूआत की। उन्होंने चार दिवसीय रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप ए के चौथे मुकाबले में दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक बिना कोई विकेट गंवाकर 149 रन बना लिए हैं। जम्मू-कश्मीर की टीम अभी भी पुडुचेरी के पहली पारी के 385 रन के जवाब में 236 रन पीछे है जबकि टीम के अभी सभी 10 विकेट गिरना शेष हैं।

श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में पुडुचेरी की टीम ने पहली पारी के अंतर्गत आज सुबह दूसरे दिन पहली पारी के 77 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 261 रन से आगे तूफानी बल्लेबाजी करना शुरू की।

टीम ने पहले सत्र के दो घंटों में शेष चारों विकेट 16.2 ओवर में कुल 114 रन जोड़ते हुए गंवाकर जम्मू-कश्मीर के विरुद्ध कुल 93.2 ओवर में 385 रन बनाए।

सागर त्रिवेदी ने बल्ले से मचाया धमाल

विकेटकीपर प्रसाद पवार ने नाबाद एक रन से आगे बल्लेबाजी शुरू की और 54 गेंदों में चार चौकों की मदद से 31 रन बनाए। दूसरे छोर पर डटे अमन खान ने नाबाद नौ रन से आगे खेलना शुरू किया और मात्र पांच रन जोड़ते हुए कुल 14 रनों का योगदान देकर जम्मू-कश्मीर के गेंदबाज द्वारा पवेलियन लौटा दिए गए।

सागर त्रिवेदी ने विस्फोटक बल्लेबाजी की और मात्र 46 गेंदों में सात चौकों और चार छक्कों की मदद से सर्वाधिक 65 रन बनाए जबकि गौरव यादव ने भी 21 रनों का योगदान दिया।

पहली पारी में जम्मू-कश्मीर की दमदार शुरुआत

जम्मू-कश्मीर की ओर से गेंदबाज सुनील कुमार सबसे किफायती गेंदबाज साबित हुए। सुनील कुमार ने 28.2 ओवर में 98 रन देकर छह विकेट चटकाए। उमर नजीर दो विकेट और वसीम खांडे एक विकेट हासिल करने में सफल रहे। जवाब में जम्मू-कश्मीर की टीम ने सुबह 11 बजे के उपरांत पहली पारी की शुरूआत की और आज दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 50.3 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाकर 149 रन बना लिए हैं।

जम्मू-कश्मीर के सलामी बल्लेबाजी शुभम खजुरिया और कामरान इकबाल ने बेहतरीन बल्लेबाजी की और दोनों के बीच 148 रनों की नाबाद साझेदारी भी हुई है।

अभी तक खेले गए पहले तीनों रणजी मुकाबलों में दो का भी आंकड़ा पार नहीं करने वाले बल्लेबाज शुभम खजुरिया ने आज संयम भरी बल्लेबाजी की और पिच पर ज्यादा समय व्यतीत करते हुए 160 गेंदों में 14 चौकों की मदद से नाबाद 80 रन बनाए हैं। दूसरे छोर पर डटे कामरान इकबाल ने भी 144 गेंदों में 10 चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 68 रन बना लिए हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।