जम्मू-कश्मीर सरकार का NHM कर्मचारियों को दीवाली गिफ्ट, 5% बढ़ेगी सैलरी; जानें कब से मिलेगा लाभ
जम्मू-कश्मीर सरकार ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कार्यरत पात्र संविदा कर्मचारियों के लिए पांच प्रतिशत वार्षिक वेतन वृद्धि को ...और पढ़ें

जम्मू-कश्मीर के हजारों NHM कर्मचारियों की बढ़ेगी सैलरी। (AI Generated)
राज्य ब्यूरो, जम्मू। दीवाली पर राज्य सरकार ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कार्यरत पात्र संविदा कर्मचारियों को वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पांच प्रतिशत वार्षिक वेतन वृद्धि देने की मंजूरी दी है। इससे प्रदेशभर में कार्यरत हजारों स्वास्थ्य कर्मचारियों को राहत मिलने की उम्मीद है। इस संबंध में मिशन निदेशक एनएचएम जम्मू-कश्मीर की ओर से शनिवार जारी किया गया है।स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा तथा समाज कल्याण मंत्री सकीना मसूद इटू के प्रयासों को इस फैसले के पीछे अहम माना जा रहा है।
सरकार का यह कदम स्वास्थ्य क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारियों की आर्थिक सुरक्षा, कल्याण और सेवा शर्तों को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
यह निर्णय मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार की उस नीति का हिस्सा है, जिसके तहत सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग के अग्रिम मोर्चे पर काम करने वाले कर्मचारियों के योगदान को भी सम्मान दिया जा रहा है।
NHM के संविदा कर्मचारियों के लिए तय हुई पात्रता
जारी आदेश के अनुसार, इस वेतन वृद्धि का लाभ एनएचएम के तहत राज्य, संभागीय, जिला और ब्लाक स्तर पर कार्यरत पात्र संविदा कर्मचारियों को मिलेगा। इसमें राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन और विभिन्न रोग नियंत्रण कार्यक्रमों के कर्मचारी भी शामिल होंगे। हालांकि इस लाभ के लिए कर्मचारियों का प्रदर्शन संतोषजनक होना और कम से कम एक वर्ष की सेवा पूरी करना अनिवार्य होगा।
वेतन वृद्धि की मांग को लेकर की थी हड़ताल
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि कर्मचारियों की पात्रता और सेवा अवधि के आधार पर पांच प्रतिशत वार्षिक वेतन वृद्धि क्रमशः 1 अप्रैल 2026, 1 अक्टूबर 2026 या 1 अप्रैल 2027 से प्रभावी होगी। सरकार के इस फैसले से एनएचएम कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलने के साथ उनका मनोबल भी बढ़ने की उम्मीद है।
इसे जम्मू-कश्मीर में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देने वाले कर्मचारियों के योगदान को मान्यता देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। गौरतलब है कि एनएचएम कर्मचारी वेतन वृद्धि की मांग को लेकर कई दिनों तक हड़ताल पर रहे है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।