जम्मू-कश्मीर में बारिश का डबल अटैक! कटड़ा-सांबा में 24 घंटे में मूसलाधार बरसात, फ्लैश फ्लड का अलर्ट जारी
जम्मू-कश्मीर में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है, पिछले 24 घंटों में कई इलाकों में मूसलाधार बारिश दर्ज की गई ...और पढ़ें

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश का अलर्ट, अगले एक सप्ताह तक फ्लैश फ्लड और भूस्खलन का खतरा।
HighLights
जम्मू-कश्मीर में मानसून की रफ्तार तेज, मूसलाधार बारिश।
मौसम विभाग ने फ्लैश फ्लड, भूस्खलन का अलर्ट जारी किया।
सांबा, कटरा में सर्वाधिक बारिश, अगले सप्ताह तक वर्षा जारी।
डिजिटल डेस्क, जम्मू। जम्मू-कश्मीर में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश दर्ज की गई, जबकि मौसम विभाग (MeT) ने अगले एक सप्ताह तक लगातार बारिश का पूर्वानुमान जारी करते हुए फ्लैश फ्लड, भूस्खलन और मडस्लाइड का बड़ा अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने आम लोगों, पर्यटकों, यात्रियों और ट्रांसपोर्टरों से मौसम को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में सांबा में सबसे अधिक 87 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद कटरा में 71.2 मिमी, उधमपुर में 65 मिमी और जम्मू शहर में 52 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। लगातार हो रही बारिश से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है।
फ्लैश फ्लड और भूस्खलन का खतरा
मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। विभाग के मुताबिक 29 जुलाई से 2 अगस्त के बीच जम्मू संभाग के कई संवेदनशील जिलों में मूसलाधार बारिश के कारण फ्लैश फ्लड, भूस्खलन और मडस्लाइड की घटनाएं हो सकती हैं। पहाड़ी इलाकों और नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
कब-कहां होगी बारिश?
31 जुलाई: प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू संभाग के कुछ जिलों में सुबह और शाम के समय अचानक तेज़ से बेहद तेज़ बारिश हो सकती है। वहीं, कश्मीर घाटी के कुछ इलाकों में भी तेज़ बारिश के छोटे-छोटे दौर देखने को मिल सकते हैं।
1 से 2 अगस्त: कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें जारी रहेंगी। कुछ इलाकों में थोड़े समय के लिए तेज़ बारिश होने की भी संभावना है।
3 से 5 अगस्त: बारिश का असर और बढ़ सकता है। जम्मू संभाग के कुछ जिलों में भारी से मूसलाधार बारिश, तेज़ बौछारें और अत्यधिक वर्षा होने की चेतावनी जारी की गई है। कश्मीर के कुछ हिस्सों में भी तेज़ बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं।
6 से 7 अगस्त: प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, जबकि कुछ स्थानों पर तेज़ बारिश होने की संभावना बनी रहेगी।
लोगों और पर्यटकों के लिए जरूरी सलाह
प्रशासन ने आम जनता, पर्यटकों, यात्रियों और ट्रांसपोर्टरों से अपील की है कि वे मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें। खराब मौसम के दौरान नदी-नालों, झरनों और जलाशयों के पास जाने से बचें तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा न करें। मौसम बिगड़ने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर ही रुकें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
