विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राष्ट्रपति चुनाव में अब जम्मू-कश्मीर के विधायक भी करेंगे वोट! अनुच्छेद 54 में बदलाव की तैयारी, संसद में आएगा विधेयक

Published: Sat, 28 Nov 2026 01:31 PM (IST)

केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर विधानसभा को राष्ट्रपति चुनाव के निर्वाचक मंडल में शामिल करने का प्रस्ताव लाई है। संसद में विधेयक पेश होने के बाद जम्मू-कश्मीर के निर्वाचित विधायक भी राष्ट्रपति चुनाव में मतदान कर सकेंगे।

जम्मू-कश्मीर को भी मिल सकता है राष्ट्रपति चुनाव में वोटिंग का अधिकार। (AI Generated)

जम्मू-कश्मीर को भी मिल सकता है राष्ट्रपति चुनाव में वोटिंग का अधिकार। (AI Generated)

HighLights

  1. जम्मू-कश्मीर विधानसभा को राष्ट्रपति चुनाव निर्वाचक मंडल में शामिल करने का प्रस्ताव।

  2. अनुच्छेद 54 की व्याख्या में संशोधन संबंधी विधेयक संसद में पेश होगा।

  3. निर्वाचित विधायक अब राष्ट्रपति चुनाव में मतदान कर सकेंगे।

नवीन नवाज, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के संवैधानिक और राजनीतिक महत्व से जुड़ा एक अहम कदम उठाते हुए केंद्र सरकार ने केंद्र शासित प्रदेश की विधानसभा को राष्ट्रपति चुनाव के निर्वाचक मंडल (इलेक्टोरल कालेज) में शामिल करने का प्रस्ताव रखा है। इसके लिए संविधान के अनुच्छेद 54 की व्याख्या में संशोधन करने संबंधी विधेयक संसद में पेश किया जाएगा। प्रस्ताव पारित होने पर जम्मू-कश्मीर के निर्वाचित विधायक भी राष्ट्रपति चुनाव में मतदान कर सकेंगे।

प्रस्तावित विधेयक के तहत केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर को अनुच्छेद 54 की व्याख्या में प्रयुक्त शब्द 'राज्य' के दायरे में शामिल किया जाएगा। इसी अनुच्छेद में राष्ट्रपति के निर्वाचन के लिए निर्वाचक मंडल की संरचना निर्धारित की गई है।

फिलहाल राष्ट्रपति चुनाव में लोकसभा और राज्यसभा के निर्वाचित सांसदों के साथ राज्यों की विधानसभाओं के निर्वाचित सदस्य तथा दिल्ली और पुडुचेरी की विधानसभाओं के निर्वाचित सदस्य मतदान करते हैं। जम्मू-कश्मीर के वर्ष 2019 में केंद्र शासित प्रदेश के रूप में पुनर्गठन के बाद उसकी विधानसभा को लेकर अनुच्छेद 54 में स्पष्ट उल्लेख नहीं होने से संवैधानिक स्थिति अस्पष्ट हो गई थी।

1950 से राष्ट्रपति चुनाव में भाग लेते रहे हैं जम्मू-कश्मीर के विधायक

दरअसल, जम्मू-कश्मीर के विधायक 26 जनवरी 1950 को संविधान (जम्मू-कश्मीर पर लागू) आदेश लागू होने के बाद से राष्ट्रपति चुनाव में भाग लेते रहे हैं। हालांकि, वर्ष 2019 में राज्य के पुनर्गठन और केंद्र शासित प्रदेश बनाए जाने के बाद अनुच्छेद 54 में केवल दिल्ली और पुडुचेरी का उल्लेख होने के कारण जम्मू-कश्मीर की स्थिति को लेकर सवाल खड़े हुए।

2022 के राष्ट्रपति चुनाव में नहीं कर सके मतदान

इसका असर वर्ष 2022 के राष्ट्रपति चुनाव में भी देखने को मिला। उस समय जम्मू-कश्मीर में निर्वाचित विधानसभा अस्तित्व में नहीं थी और केंद्र शासित प्रदेश में केंद्रीय शासन लागू था। लिहाजा, वहां के निर्वाचित विधायक राष्ट्रपति चुनाव की प्रक्रिया में भाग नहीं ले सके।

2017 में राष्ट्रपति चुनाव के दौरान दिखी थी सियासी तस्वीर

इससे पहले वर्ष 2017 के राष्ट्रपति चुनाव में तत्कालीन पीडीपी-भाजपा गठबंधन के विधायकों ने एनडीए उम्मीदवार रामनाथ कोविंद का समर्थन किया था, जबकि नेशनल कान्फ्रेंस और कांग्रेस के विधायकों ने विपक्ष की संयुक्त उम्मीदवार मीरा कुमार के पक्ष में मतदान किया था।

संसद के शीतकालीन सत्र में पेश हो सकता है विधेयक


लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से फिर शुरू होने वाली है। संसद के मानसून सत्र के दूसरे चरण में इस विधेयक को पेश किए जाने का प्रस्ताव है। विधेयक के पारित होने और आवश्यक संवैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद जम्मू-कश्मीर विधानसभा के निर्वाचित सदस्यों की राष्ट्रपति चुनाव में भागीदारी का रास्ता स्पष्ट हो सकेगा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।