विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बाहर नॉनवेज खाने वालों के काम की खबर, जम्मू-कश्मीर में FDA के सख्त निर्देश, अब बताना होगा कौन-सा मांस इस्तेमाल हुआ? 

Published: Tue, 24 Nov 2026 12:00 PM (IST)

जम्मू-कश्मीर खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने मांसाहारी भोजन परोसने वाले प्रतिष्ठानों के लिए नए निर्देश जारी किए हैं। अब उन्हें ग्राहकों को परोसे जा रहे मांस के प्रकार, उसकी ताजगी और इस्तेमाल की गई सामग्री की पूरी जानकारी देनी होगी।

मांसाहारी भोजन परोसने वालों को देनी होगी मांस की पूर्ण जानकारी। (AI Generated)

मांसाहारी भोजन परोसने वालों को देनी होगी मांस की पूर्ण जानकारी। (AI Generated)

राज्य ब्यूरो, जम्मू। जम्मू-कश्मीर खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने होटलों, रेस्टोरेंट, कैफे और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों सहित कुल 281 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इसमें खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा की जांच के लिए मांस, मांस उत्पादों तथा अन्य खाद्य वस्तुओं के कुल 51 सैंपल जांच के लिए भेजे गए।

कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता और साफ-सफाई संबंधी नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर श्रीनगर के खयाम स्थित मैसर्स जायका चिकन बिरयानी और शालीमार स्थित मैसर्स रायल 99 कैफे के पंजीकरण निलंबित किए गए।

विभाग ने मांसाहारी भोजन परोसने वाले खाद्य कारोबारियों को विशेष निर्देश जारी किए हैं। इसमें प्रतिष्ठानों को स्पष्ट रूप से बताना होगा कि भोजन में किस प्रकार के मांस का इस्तेमाल किया जा रहा है, जैसे मटन, बीफ या चिकन।

अस्वच्छ माहौल में खाद्य सामग्री तैयार करने पर छह मामले दर्ज

विभाग ने खाद्य प्रतिष्ठानों में अस्वच्छ एवं अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों से संबंधित उल्लंघनों के मामले में छह मामले दर्ज किए । इन मामलों में अधिकतम एक लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रविधान है।

इसके अतिरिक्त अन्य उल्लंघनों के संबंध में धारा 58 के तहत तीन मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें अधिकतम दो लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।

मांसाहारी व्यंजन बेचने वालों को बताना होगा मांस ताजा है या फ्रोजन

मांसाहारी खाना बेचने वालों को यह जानकारी देना भी जरूरी होगा कि इस्तेमाल किया गया मांस ताजा है या फ्रोजन और भोजन तैयार करने में किन सामग्रियों का उपयोग किया गया है।

मेन्यू कार्ड और डिस्प्ले बोर्ड पर देनी होगी पूरी जानकारी

विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिया है कि यह जानकारी मेन्यू कार्ड और फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड पर प्रमुखता से प्रदर्शित की जाए, ताकि ग्राहक भोजन का चयन करते समय पूरी जानकारी के आधार पर अपना निर्णय ले सकें।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।