विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू-कश्मीर में क्यों बढ़ रहे डायबिटीज के मामले? 13% आबादी चपेट में, डॉक्टर ने बताए बचाव के सही तरीके

Published: Sat, 14 Nov 2026 03:20 PM (IST)

जम्मू-कश्मीर में बदली जीवनशैली के कारण मधुमेह के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, जहां 13 से 19 प्रतिशत आबादी ...और पढ़ें

जम्मू-कश्मीर में हर साल बढ़ रहे डायबिटीज के मरीज। (फाइल फोटो)

जम्मू-कश्मीर में हर साल बढ़ रहे डायबिटीज के मरीज। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. जम्मू-कश्मीर में 13-19% आबादी मधुमेह से पीड़ित।

  2. बदली जीवनशैली, खान-पान मधुमेह बढ़ने का मुख्य कारण।

  3. नियमित व्यायाम और पारंपरिक जीवनशैली अपनाने की सलाह।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। देश के अन्य भागों की तरह ही जम्मू-कश्मीर के लोगों की जीवनशैली में आए बदलाव ने उनकी सेहत पर नकारात्मक असर डाला है। बीते कुछ वषों में हुए कई सर्वे और जांच में यहां की 13 से 19 प्रतिशत तक जनसंख्या मधुमेह से पीड़ित पाई है। डाक्टरों का कहना है कि अगर इसी तरह की जीवनशैली रही तो मधुमेह पीड़ितों की संख्या आने वाले एक दशक में दोगुणा तक हो सकती है।

राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण-6 के आंकड़ों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में कुल 13 प्रतिशत लोग मधुमेह से पीड़ित हैं। इनमें 17 प्रतिशत शहरी क्षेत्रों और 11.9 प्रतिशत ग्रामीण क्षेत्रों के लोग हैं।

चिंताजनक तथ्य यह है कि इससे चार वर्ष पूर्व हुए राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण में मधुमेह से पीड़ितों की संख्या मात्र 8.7 प्रतिशत थी। चार से पांच वषों में करीब साढ़े चार प्रतिशत अधिक लोग मधुमेह की चपेट में आए।

जम्मू में हर पांचवां व्यक्ति डायबिटीज की चपेट में

वहीं भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद द्वारा मद्रास डायबिटीज रिसर्च फाउंडेशन के सहयोग से किए गए अध्ययन के अनुसार जम्मू में 18.9 प्रतिशत लोग मधुमेह से पीड़ित हैं। इनमें शहरी क्षेत्रों में 26.5 प्रतिशत और ग्रामीण क्षेत्रों में 14.5 प्रतिशत लोग शामिल हैं।

यही नहीं जम्मू में 10.8 प्रतिशत जनसंख्या प्री-डायबिटीज है। शहरी क्षेत्रों में 13.4 प्रतिशत और ग्रामीण क्षेत्रों में 9.3 प्रतिशत हैं।

जम्मू-कश्मीर में बढ़ रहे डायबिटीज के मरीज

वहीं इस वर्ष केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा संसद में पेश किए गए आंकड़ों के अनुसार जम्मू और कश्मीर में 2023-24 में 21.5 करोड़ से अधिक लोगों की मधुमेह की जांच की गई। इनमें से 48,623 लोगों में मधुमेह का पता चला। वर्ष 2024-25 में 36.5 करोड़ लोगों की जांच हुई और मधुमेह पीड़ितों की संख्या बढ़कर 83,737 हो गई।

वहीं वित्त वर्ष 2025-26 में अब तक 28.4 करोड़ लोगों की जांच की जा चुकी है और 85,948 लोगों में मधुमेह पाया गया है।अधिकारियों ने इन आंकड़ों को जीवनशैली से संबंधित बीमारियों में व्यापक राष्ट्रीय वृद्धि का हिस्सा बताया।

क्या कहते हैं डाक्टर

एंडोक्रेनालोजी विभाग एचओडी डा. सुमन कोतवाल ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में मधुमेह के बढ़ते मामलों का कारण यहां का खाना-पीना और बदली जीवनशैली है। हमारे यहां के लोग चावल, घी, गेंहू अधिक लेते हैं। इनसे भी मधुमेह की आशंका रहती है। लोग व्यायाम नहीं करते।

अपने स्वास्थ्य के प्रति अधिक गंभीर नहीं है। हजारों लोग ऐसे हैं जिन्हें जानकारी ही नहीं है कि वे मधुमेह से पीड़ित हैं। जब हम अस्पताल में किसी और बीमारी का इलाज करवाने जाते हैं तो पता चलता है कि मधुमेह भी है।

यह हैं लक्षण

अगर आपको बार-बर पेशाब आता है। वजन कम हो रहा है, मोटापा है, मधुमेह का पारिवारिक इतिहास भी है तो तुरंत जांच करवाएं।यह मधुमेह हो सकता है।

सिर्फ चीनी छोड़ने से नहीं होती मधुमेह नियंत्रित

जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों की विशेषज्ञ डा. शिवानी ने बताया कि कई लोगों को यह लगता है कि वे चीनी छोड़ कर मधुमेह को नियंत्रित कर लेंगे। लेकिन ऐसा नहीं होता।

आटे से लेकर मिठाइयों तक को छोड़ना पड़ता है। जो लोग बाजार से मल्टीग्रेन अाटा लेते हैं, उन्हें भी इसे घर में स्वयं तैयार करना चाहिए।

व्रत रखने की आदत को बदलना होगा। हर दो घंटे में कुछ खाना चाहिए। तीस मिनट से अधिक एक समय पर बैठना नहीं चाहिए। हर दिन न्यूनतम 45 मिनट तक व्यायाम करना चाहिए। पारंपरिक जीवनशैली को अपनाना होगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।