माता वैष्णो देवी के दरबार में पहुंचे सिन्हा
उपराज्यपाल कटड़ा हेलीपैड से विशेष हेलीकॉप्टर से मां वैष्णो देवी भवन मार्ग पर स्थित पंछी हेलीपैड पर सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे पहुंचे।
संवाद सहयोगी, कटड़ा : उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को श्री माता वैष्णो देवी के दरबार में जाकर पूजा-अर्चना की। इसके अलावा उन्होंने श्रद्धालुओं से बातचीत कर उन्हें मिलने वाली सहूलियतों के बारे में भी जाना। उपराज्यपाल श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के चेयरमैन भी हैं।
उपराज्यपाल कटड़ा हेलीपैड से विशेष हेलीकॉप्टर से मां वैष्णो देवी भवन मार्ग पर स्थित पंछी हेलीपैड पर सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे पहुंचे। यहां से वह वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैटरी कार में सवार होकर वैष्णो देवी भवन पहुंचे। यहां कुछ देर आराम किया। इसके बाद करीब साढ़े 12 बजे उन्होंने मां वैष्णो देवी के चरणों में हाजिरी लगाई और विशेष पूजा-अर्चना की। उनके साथ प्रमुख सचिव नीतेश्वर कुमार, जिला उपायुक्त रियासी इंदु कंवल चिब, आइजीपी जम्मू संभाग मुकेश सिंह, डीआइजी ऊधमपुर -रियासी रेंज सुजीत कुमार मौजूद रहे। माता के दरबार में हाजिरी लगाने के बाद उन्होंने अधिकारियों से श्रद्धालुओं को दी जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने दर्शन के करने पहुंचे श्रद्धालुओं से भी बातचीत की। दोपहर करीब दो बजे भवन से बैटरी कार से वह पंछी हेलीपैड पर पहुंचे। यहां से हेलीकॉप्टर से वह जम्मू चले गए।