विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू-कश्मीर IAS-JKAS विवाद: राष्ट्रीय महिला आयोग ने अधिकारी के दुर्व्यवहार पर लिया संज्ञान, मुख्य सचिव को लिखा पत्र

Published: Fri, 16 Oct 2026 10:03 PM (IST)

राष्ट्रीय महिला आयोग ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी कुमार राजीव रंजन द्वारा एक महिला अधिकारी के साथ कथित अभद्र व्यवहार का स्वतः संज्ञान लिया है।

जम्मू-कश्मीर IAS-JKAS विवाद: राष्ट्रीय महिला आयोग ने लिया संज्ञान। फाइल फोटो

जम्मू-कश्मीर IAS-JKAS विवाद: राष्ट्रीय महिला आयोग ने लिया संज्ञान। फाइल फोटो

HighLights

  1. राष्ट्रीय महिला आयोग ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी के दुर्व्यवहार का संज्ञान लिया।

  2. मुख्य सचिव को पत्र लिखकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

  3. कार्यस्थल पर सुरक्षा और गरिमा सुनिश्चित करने हेतु रिपोर्ट मांगी।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। वरिष्ठ आइएएस अधिकारी कुमार राजीव रंजन द्वारा एक महिला जेकेएएस अधिकारी के साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने, अपमानित करने और धमकी देने के मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है।

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने इस मामले में जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर वायरल वीडियो की सत्यता की जांच करने और मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने को कहा है। आयोग ने यह भी कहा है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ उचित अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई की जाए।

पीड़ित महिला अधिकारी को उचित संरक्षण पर जोर

राष्ट्रीय महिला आयोग ने कार्यस्थल पर उत्पीड़न, प्रताड़ना और पेशेवर स्तर पर किसी भी तरह की बदले की कार्रवाई को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है। साथ ही पीड़ित महिला अधिकारी को उचित संरक्षण और सहायता उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया है।

आयोग ने संबंधित अधिकारियों से सात दिनों के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है।राष्ट्रीय महिला आयोग ने कहा कि प्रत्येक महिला अधिकारी सुरक्षित, सम्मानजनक और गरिमापूर्ण कार्यस्थल की हकदार है।

आयोग के अनुसार अधिकारों का दुरुपयोग और कार्यस्थल पर किसी को अपमानित करने जैसे मामलों को बेहद गंभीरता से लिया जाना चाहिए।इस मामले में आयोग की कार्रवाई के बाद अब जम्मू-कश्मीर प्रशासन की ओर से की जाने वाली जांच और आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।

यह भी पढ़ें- 'कश्मीर बनाम भारत न बने IAS-JKAS विवाद', BJP नेता अल्ताफ ठाकुर ने जताई चिंता; तरकार से किसका होगा नुकसान?