विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हाईकोर्ट से झटका लगा तो सरकार ने निकाला नया रास्ता, समझें जम्मू-कश्मीर की नई जलविद्युत नीति का पूरा गणित

By Naveen NawazEdited By: Dallu Slathia
Published: Tue, 24 Nov 2026 12:58 PM (IST)

हाईकोर्ट द्वारा जल उपयोग शुल्क पर रोक के बाद, जम्मू-कश्मीर सरकार ने नई जलविद्युत नीति-2026 के तहत नई परियोजनाओं से शुल्क वसूलने का प्रावधान किया है। 

जलविद्युत कंपनियों को अब मुफ्त नहीं मिलेगा नदियों का पानी। (AI Generated)

जलविद्युत कंपनियों को अब मुफ्त नहीं मिलेगा नदियों का पानी। (AI Generated)

HighLights

  1. हाईकोर्ट के फैसले के बाद नई जलविद्युत नीति-2026 लागू।

  2. नई परियोजनाओं से जल उपयोग शुल्क वसूलने का प्रावधान।

  3. 10 मेगावाट तक की परियोजनाओं को शर्तों पर छूट संभव।

नवीन नवाज, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में जलविद्युत परियोजनाओं से जल उपयोग शुल्क वसूलने की सरकार की कोशिश को हाईकोर्ट से झटका लगा तो अब नई जलविद्युत नीति-2026 के जरिए इसकी नई राह तलाश ली गई है। अदालत द्वारा पुराने कानूनी प्रविधान रद्द किए जाने के बाद सरकार ने प्रस्तावित नीति में नई परियोजनाओं से पानी के इस्तेमाल का शुल्क वसूलने का प्रविधान किया है। हालांकि, 10 मेगावाट तक की परियोजनाओं को कुछ शर्तों पर छूट देने का विकल्प भी रखा गया है।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की अध्यक्षता में 13 नवंबर को हुई कैबिनेट बैठक में जलविद्युत नीति-2026 को मंजूरी दी गई। अब इसे उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की स्वीकृति का इंतजार है। नीति का मकसद निजी निवेश आकर्षित करना, 100 मेगावाट तक की परियोजनाओं के विकास में तेजी लाना और जल संसाधनों से सरकारी राजस्व बढ़ाना है।

जम्मू-कश्मीर में जलविद्युत उत्पादन की संभावित क्षमता 14,636 मेगावाट है, लेकिन अब तक केवल 3,540.15 मेगावाट क्षमता का ही दोहन हुआ है। इसमें स्वतंत्र बिजली उत्पादकों की हिस्सेदारी महज 92.74 मेगावाट है।

हाईकोर्ट ने रद्द किए थे शुल्क वसूली के प्रावधान

अक्टूबर 2026 में जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट ने जम्मू-कश्मीर जल संसाधन (विनियमन एवं प्रबंधन) अधिनियम, 2010 के तहत बिजली उत्पादन के लिए पानी के इस्तेमाल पर शुल्क वसूलने संबंधी प्रावधानों को असंवैधानिक करार देते हुए रद्द कर दिया था।

बिजली उत्पादकों ने इस कानून को चुनौती दी थी। फैसले से निजी जलविद्युत परियोजनाओं को शुल्क भुगतान से राहत मिल गई और सरकार के कमाई का रास्ता भी प्रभावित हुआ।

सरकार अब इस फैसले को चुनौती देने पर विचार कर रही है। साथ ही हिमाचल प्रदेश में जल उपकर से जुड़े मामले का अध्ययन किया जा रहा है, जहां राज्य सरकार को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली थी।

पुरानी परियोजनाओं पर पुराने नियम, नई पर शुल्क की तैयारी

नई नीति में पुरानी और नई परियोजनाओं के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। पहले से स्थापित स्वतंत्र बिजली उत्पादक (आइपीपी) वर्ष 2003 और 2011 की नीतियों के तहत काम करते रहेंगे, जबकि नई 100 मेगावाट तक की परियोजनाओं को नीति-2026 के तहत मंजूरी मिलेगी।

इन नई निजी परियोजनाओं को बिजली उत्पादन में इस्तेमाल किए जाने वाले पानी का शुल्क देना होगा।

10 मेगावाट तक छूट, लेकिन कई मंजूरियां जरूरी

10 मेगावाट या इससे कम क्षमता वाली परियोजनाओं को विशेष परिस्थितियों में शुल्क से छूट मिल सकती है। इसके लिए परियोजना निजी क्षेत्र या सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) के तहत विकसित होनी चाहिए और उसकी बिजली जम्मू-कश्मीर सरकार अथवा जम्मू-कश्मीर पावर कारपोरेशन लिमिटेड खरीद रही हो। छूट स्वतः नहीं मिलेगी।

प्रत्येक मामले का अलग मूल्यांकन होगा और प्रशासनिक विभाग, जल शक्ति विभाग, वित्त विभाग तथा जम्मू-कश्मीर जल संसाधन नियामक प्राधिकरण की मंजूरी जरूरी होगी।

शुल्क का बोझ बिजली उपभोक्ताओं पर भी संभव

नीति में बिजली उत्पादकों को जल उपयोग शुल्क की लागत टैरिफ में शामिल करने की गुंजाइश दी गई है, बशर्ते शुल्क जोड़ने के बाद बिजली की दर बाजार में स्वीकार्य रहे। यानी सरकार को जल संसाधनों से राजस्व मिलेगा, लेकिन इसकी कीमत अंततः बिजली उपभोक्ताओं को भी चुकानी पड़ सकती है।

निजी परियोजनाओं से 350 करोड़ तक नुकसान

निजी जलविद्युत परियोजनाओं से शुल्क नहीं मिलने के कारण पिछले करीब दो दशकों में सरकारी खजाने को 250 से 350 करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान का अनुमान है। इसके उलट, एनएचपीसी की छह परियोजनाओं से वर्ष 2021-22 से 2025-26 के दौरान सरकार को 3,582.06 करोड़ रुपये जल उपयोग शुल्क के रूप में मिले।

एसजीएसटी रिफंड पर भी शिकंजा

नीति में राज्य वस्तु एवं सेवा कर (एसजीएसटी) के सामान्य रिफंड पर रोक का प्रस्ताव है। केवल विशेष परिस्थितियों में सरकारी एजेंसियां रियायत देने पर विचार कर सकेंगी। जल उपयोग शुल्क और एसजीएसटी में छूट कंपनियों का अधिकार नहीं होगी। प्रस्तावित रियायतें पहले से निष्पादित समझौतों पर भी लागू नहीं होंगी।

2010 में शुरू हुई जल उपयोग शुल्क वसूली

जम्मू-कश्मीर में जलविद्युत परियोजनाओं से जल उपयोग शुल्क वसूलने की शुरुआत 2010 में हुई थी। तत्कालीन राज्यपाल एनएन वोहरा की मंजूरी के बाद 25 अक्टूबर 2010 को जम्मू-कश्मीर जल संसाधन (विनियमन एवं प्रबंधन) अधिनियम लागू हुआ। इसके तहत एनएचपीसी समेत बिजली उत्पादक कंपनियों के लिए राज्य की नदियों के पानी के इस्तेमाल पर शुल्क देना अनिवार्य किया गया।

फरवरी 2011 में जल संसाधन नियामक प्राधिकरण ने इसकी दर 0.25 रुपये प्रति घनमीटर निर्धारित की। एनएचपीसी ने कानून को हाईकोर्ट में चुनौती दी, लेकिन मई 2011 में अदालत ने अंतरिम आदेश जारी कर कंपनी को लाइसेंस लेने और निर्धारित शुल्क जमा कराने का निर्देश दिया।वर्ष 2021-22 से 2025-26 के दौरान एनएचपीसी की छह परियोजनाओं से 3,582.06 करोड़ रुपये जल उपयोग शुल्क मिला।

इसमें सलाल से 1,754.98 करोड़, उड़ी-एक से 561.20 करोड़, दुलहस्ती से 501.83 करोड़, सेवा-दो से 36.08 करोड़, उड़ी-दो से 615.54 करोड़ और किशनगंगा से 112.43 करोड़ रुपये प्राप्त हुए।

इसके अलावा 12 प्रतिशत मुफ्त बिजली और एक प्रतिशत स्थानीय क्षेत्र विकास निधि का मौद्रिक मूल्य 1,955.26 करोड़ रुपये रहा। इस तरह दोनों मदों से सरकार को कुल 5,537.32 करोड़ रुपये का वित्तीय लाभ हुआ

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।