विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

श्रीनगर से जम्मू तक FDA की कार्रवाई, 5 बड़े प्रतिष्ठानों के लाइसेंस पर लटकी तलवार; 45 किलो फ्रोजन चिकन नष्ट

Published: Mon, 23 Nov 2026 11:39 AM (IST)

जम्मू-कश्मीर में FDA ने सुरक्षित भोजन सुनिश्चित करने के लिए कार्रवाई तेज की है। निरीक्षण के दौरान 12 को सुधार नोटिस और 5 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित करने की सिफारिश की गई, साथ ही 45 किलो फ्रोजन चिकन नष्ट किया गया।

जम्मू कश्मीर में एफडीए की बड़ी कार्रवाई, 80 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी। (फाइल फोटो)

जम्मू कश्मीर में एफडीए की बड़ी कार्रवाई, 80 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. एफडीए ने जम्मू-कश्मीर में खाद्य प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई तेज की।

  2. 12 प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस, 5 के लाइसेंस निलंबित करने की सिफारिश।

  3. जम्मू में 45 किलो फ्रोजन चिकन जब्त कर नष्ट किया गया।

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में लोगों को सुरक्षित और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने प्रदेशभर में खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। विभाग की टीमों ने विभिन्न जिलों में 80 होटलों, रेस्तरां, हरीसा विक्रेताओं और अन्य खाद्य कारोबारियों के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा नियमों में गंभीर खामियां मिलने पर 12 प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए, जबकि पांच के खाद्य लाइसेंस निलंबित करने की सिफारिश की गई है।

एफडीए से मिली जानकारी के अनुसार, निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत निर्धारित नियमों का उल्लंघन पाया गया। संबंधित कारोबारियों को 15 दिनों के भीतर कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, स्वच्छता और साफ-सफाई के मानकों का पालन नहीं करने पर पांच प्रतिष्ठानों के एफएसएसएआइ लाइसेंस निलंबित करने की सिफारिश की गई है।

इसमें श्रीनगर के बुलेवार्ड रोड स्थित दिल्ली चिकन प्वाइंट, रायल पंजाबी रेस्टोरेंट और सन-एन-शेड शामिल हैं। इसके अलावा जम्मू के बहू प्लाजा स्थित कोपेनहेगन हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड भी कार्रवाई के दायरे में आया है।

जम्मू में 45 किलो फ्रोजन चिकन नष्ट किया

कार्रवाई के दौरान जम्मू स्थित कोपेनहेगन हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड के प्रोसेसिंग क्षेत्र में रखा 45 किलो फ्रोजन चिकन जब्त कर नष्ट कराया गया। जांच में पाया गया कि चिकन को निर्धारित तापमान पर सुरक्षित रखने के नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था।

इस मामले में खाद्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 58 के तहत दो लाख रुपये तक जुर्माने की कार्रवाई की सिफारिश की गई है।

चार मामलों में 5,500 रुपये जुर्माना

इसके अलावा दो मामलों में अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों के प्रसंस्करण और रखरखाव को लेकर भी कार्रवाई की सिफारिश की गई। इस धारा में एक लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है। वहीं, चार मामलों का निपटारा करते हुए कुल 5500 रुपये जुर्माना लगाया गया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।