जम्मू-कश्मीर में BDS दाखिले की प्रक्रिया पूरी, BOPEE ने जारी की सूची; जानें वेटिंग लिस्ट से कब मिलेगा मौका
जम्मू-कश्मीर बोपी ने बीडीएस-2026 में दाखिले के लिए विशेष स्ट्रे राउंड-3 की काउंसलिंग पूरी कर ली है। सरकारी डेंटल कालेजों में चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई है, और खाली सीटों को प्रतीक्षा सूची से भरा जाएगा।

जम्मू-कश्मीर में तीन अभ्यर्थियों को मिली डेंटल कॉलेजों में सीट।(फाइल फोटो)
HighLights
बोपी ने बीडीएस-2026 दाखिले के लिए विशेष स्ट्रे राउंड-3 काउंसलिंग पूरी की।
सरकारी डेंटल कालेजों में चयनित अभ्यर्थियों की सूची और प्रतीक्षा सूची जारी हुई।
दाखिला न लेने पर प्रतीक्षा सूची से सीटें भरी जाएंगी, 28 नवंबर तक।
जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू-कश्मीर बोर्ड आफ प्रोफेशनल एंट्रेंस एग्जामिनेशन (JK BOPEE) ने बीडीएस-2026 में दाखिले के लिए विशेष स्ट्रे राउंड-3 की काउंसलिंग के साथ प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर ली है। बुधवार को हुई आफलाइन काउंसलिंग के बाद बोर्ड ने सरकारी डेंटल कालेजों में उपलब्ध सीटों के लिए चयनित अभ्यर्थियों की सूची के साथ प्रतीक्षा सूची भी जारी कर दी।
अब यदि चयनित अभ्यर्थी निर्धारित समय में संबंधित कालेजों में दाखिला नहीं लेते हैं तो खाली रहने वाली सीटें प्रतीक्षा सूची के अभ्यर्थियों से भरी जाएंगी।
छह अभ्यर्थियों को वेटिंग लिस्ट में रखा गया
बोपी की अधिसूचना के अनुसार, विशेष स्ट्रे राउंड-3 की काउंसलिंग 25 नवंबर को आयोजित की गई। इसमें तीन अभ्यर्थियों को सरकारी डेंटल कालेजों में बीडीएस सीटें आवंटित की गई हैं। मुज्जमाह राशिद को जीडीसी श्रीनगर, जबकि मेहविश इरशाद और साहिल शफी को जीडीसी जम्मू में सीट मिली है।
इसके अलावा छह अभ्यर्थियों को प्रतीक्षा सूची में रखा गया है।चयनित अभ्यर्थियों को 26 नवंबर शाम चार बजे तक अपने आवंटित कालेजों में मूल दस्तावेजों के साथ रिपोर्ट कर दाखिला लेना होगा। बोर्ड ने कालेज प्रबंधन को अवकाश के दिन भी प्रवेश काउंटर खुले रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि दाखिले की प्रक्रिया निर्धारित समय में पूरी हो सके।
28 नवंबर तक चलेगी वेटिंग लिस्ट
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई चयनित अभ्यर्थी निर्धारित समय तक दाखिला नहीं लेता है तो उसकी आवंटित सीट रद मानी जाएगी। ऐसी रिक्त सीटों को प्रतीक्षा सूची के माध्यम से भरा जाएगा। वेटिंग लिस्ट 28 नवंबर दोपहर तीन बजे तक संचालित होगी। संबंधित कालेजों को 26 नवंबर शाम 4:30 बजे तक दाखिलों में रह गई कमी की जानकारी बोर्ड को भेजनी होगी।