विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू-कश्मीर में कहां-कहां बनेंगी नई फल-सब्जी मंडियां? 3 जिलों के लिए 320 कनाल जमीन मंजूर; रोजगार के रास्ते खुलेंगे

Published: Tue, 24 Nov 2026 12:30 PM (IST)

जम्मू-कश्मीर सरकार ने तीन आधुनिक फल एवं सब्जी मंडियां स्थापित करने को मंजूरी दी है, जिसके लिए 320 कनाल भूमि हस्तांतरित की जाएगी।  

कश्मीर के तीन जिलों में विकसित होंगी आधुनिक मंडियां। (AI Generated)

कश्मीर के तीन जिलों में विकसित होंगी आधुनिक मंडियां। (AI Generated)

राज्य ब्यूरो, जम्मू। जम्मू-कश्मीर सरकार ने कृषि एवं बागवानी क्षेत्र को मजबूती देने के लिए कुलगाम, बारामुला और पुलवामा में आधुनिक फल एवं सब्जी मंडियां स्थापित करने का फैसला किया है। इसके लिए 320 कनाल (40 एकड़) भूमि कृषि उत्पादन विभाग को हस्तांतरित करने की मंजूरी दी गई है। इन मंडियों में कृषि उत्पादों के संग्रह, ग्रेडिंग, छंटाई, भंडारण और बिक्री के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। सरकार का उद्देश्य किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने, बिचौलियों पर निर्भरता कम करने और उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करना है।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने इंटरनेट मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि इस पहल से कृषि उत्पादों के विपणन में पारदर्शिता आएगी, फसल कटाई के बाद होने वाला नुकसान कम होगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

कुलगाम, पुलवामा और बारामुला में नई मंडियों की स्थापना से उत्तर और दक्षिण कश्मीर के प्रमुख कृषि एवं बागवानी उत्पादक क्षेत्रों को आधुनिक विपणन सुविधाओं से जोड़ने में मदद मिलेगी। इससे किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की उम्मीद है।

खेत से बाजार तक मजबूत होगी आपूर्ति व्यवस्था

प्रस्तावित मंडियों को कृषि एवं बागवानी उत्पादों के विपणन के प्रमुख केंद्रों के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां किसानों को अपनी उपज के संग्रह, छंटाई, ग्रेडिंग, भंडारण और बिक्री की सुविधाएं एक ही स्थान पर मिलेंगी।

इससे उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने और बाजार की मांग के अनुसार बिक्री करने में आसानी होगी। विशेष रूप से जल्दी खराब होने वाले फलों एवं सब्जियों के लिए बेहतर भंडारण और रखरखाव की व्यवस्था से कटाई के बाद होने वाला नुकसान कम करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा पैकेजिंग, प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन से जुड़ी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर

नई मंडियों के निर्माण और संचालन से परिवहन, पैकेजिंग, ग्रेडिंग, भंडारण और प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ कृषि क्षेत्र से जुड़ी सहायक गतिविधियों का भी विस्तार होगा।

प्रदेश में 37 मंडियां, 24 पूरी तरह संचालित

जम्मू-कश्मीर में कृषि एवं बागवानी उत्पादों के विपणन के लिए कुल 37 मंडियां हैं, जिनमें 24 पूरी तरह संचालित हैं, जबकि 13 विकास या संचालन की प्रक्रिया में हैं। प्रदेश की 19 थोक मंडियों में से 17 राष्ट्रीय कृषि बाजार (ई-नाम) से जुड़ी हैं।

वर्ष 2024-25 में सोपोर मंडी से 2.89 लाख मीट्रिक टन फल प्रदेश से बाहर भेजे गए, जिनका कारोबार 1,387.50 करोड़ रुपये रहा। अगलर (शोपियां) मंडी में 628.34 करोड़, जबलीपोरा (अनंतनाग) में 282.90 करोड़ और परिमपोरा (श्रीनगर) में 165.06 करोड़ रुपये का कारोबार दर्ज किया गया।

कुलगाम मंडी का कारोबार 67.62 करोड़ और कांसीपोरा (बारामुला) का 47.94 करोड़ रुपये रहा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।