कर्मचारियों को निर्देश, तत्काल ड्यूटी करें ज्वाइन
कर्मचारियों को निर्देश तत्काल प्रभाव से ड्यूटी करें ज्वाइन
राज्य ब्यूरो, जम्मू : राज्य प्रशासन ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को ड्यूटी पर लौटने के निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव बीवीआर सुब्रह्मण्यम ने कहा कि सभी सरकारी कर्मचारी चाहे वे डिवीजनल स्तर पर काम करते हों, जिला स्तर पर या राज्य सचिवालय में, सभी तत्काल प्रभाव से ड्यूटी ज्वाइन करें। आदेश में यह भी कहा गया है कि राज्यभर में कर्मचारियों को काम के लिए सुरक्षित वातावरण मुहैया करवाने के लिए सभी कदम उठाए गए हैं। कर्मचारी किसी भी सहायता के लिए डिप्टी कमिश्नर जम्मू और रीजनल ट्रांसपोर्ट आफिसर के साथ संपर्क करें।
गौरतलब है कि कुछ दिनों से राज्य विशेषकर कश्मीर में बंद के चलते कई कर्मचारी कार्यालयों में नहीं जा रहे हैं। अधिकांश कार्यालय बंद पड़े हुए हैं। सचिवालय में भी ऐसी ही हालत है। इससे सरकारी कार्यालयों में कामकाज प्रभावित हो रहा है। जम्मू संभाग के कई क्षेत्रों में भी ऐसी ही स्थिति है। कर्मचारियों की उपस्थिति कम है। कश्मीर के कुछ हिस्सों से कर्मचारी जम्मू आ गए हैं। कामकाज प्रभावित होते देख अब सरकार ने आदेश जारी किया है। कर्मचारी गाड़ियां न मिलने की भी शिकायतें कर रहे थे। इसी को देखते हुए आरटीओ को इसकी व्यवस्था करने के लिए कहा गया है। कर्मचारियों को यह भी विश्वास दिलाया जा रहा है कि उन्हें भयभीत होने की जरूरत नहीं है। हर जगह सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।