विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू से झिड़ी मेले तक कैसे पहुंचे? बस, कार और भारी वाहनों के लिए अलग-अलग रूट; 8 जगह पार्किंग की व्यवस्था

Published: Mon, 23 Nov 2026 12:34 PM (IST)

झिड़ी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए जम्मू ट्रैफिक पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। पंजाब, कठुआ, सांबा सहित विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए रूट और आठ पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।

राया मोड़ से रिंग रोड होते हुए झिड़ी मेले पहुंचेंगे पंजाब, कठुआ, सांबा से आने वाले वाहन। (फाइल फोटो)

राया मोड़ से रिंग रोड होते हुए झिड़ी मेले पहुंचेंगे पंजाब, कठुआ, सांबा से आने वाले वाहन। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. पंजाब, कठुआ, सांबा से आने वाले वाहनों के लिए रूट निर्धारित।

  2. श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु आठ पार्किंग स्थल बनाए गए।

  3. निर्धारित मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही पर पाबंदी।

जागरण संवाददाता, जम्मू। बाबा जित्तो का ऐतिहासिक झिड़ी मेला शुरू हो गया है। इसमें शामिल होने के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को यातायात संबंधी परेशानी न हो, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस जम्मू ने विशेष व्यवस्था की है। मेले में जम्मू-कश्मीर के अलावा पंजाब और दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए रूट निर्धारित करने के साथ आठ स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की है।

एसएसपी ट्रैफिक सिटी जम्मू अमित भसीन की ओर से जारी एडवाइजरी के अनुसार, पंजाब, कठुआ और सांबा की तरफ से आने वाली अंतरराज्यीय बसों और श्रद्धालुओं के वाहनों को राया मोड़ से रिंग रोड और सुआ नंबर-1 होते हुए झिड़ी पहुंचना होगा। वापसी के लिए भी इसी मार्ग का इस्तेमाल करना होगा।

आरएस पुरा से आने वाले श्रद्धालु मीरा साहिब-रिंग रोड से पहुंचेंगे झिड़ी

गांधी नगर, आरएस पुरा और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालु मीरा साहिब से रिंग रोड के रास्ते झिड़ी पहुंच सकेंगे। जम्मू बस स्टैंड से चलने वाली बसों, मिनी बसों और व्यावसायिक वाहनों के लिए महेशपुरा चौक, बख्शी नगर पुली और अखनूर रोड होते हुए सुआ नंबर-1 का मार्ग निर्धारित किया गया है।

वहीं, निजी छोटे वाहन जम्मू-अखनूर रोड पर मिश्रीवाला चौक से बाईं तरफ मुड़कर झिड़ी पहुंचेंगे। मध्यम आकार के वाहनों को सिम्बल वाला और चक मानी के रास्ते जाना होगा।

दूसरे राज्यों से आने वाली भारी बसों और मालवाहक वाहनों के लिए सुआ नंबर-1, चक सूडियां और चक क्रांति वाला मार्ग तय किया गया है।

इन मार्गों पर रहेगी पाबंदी

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, हरि सिंह घराट स्थित कट आफ प्वाइंट से स्थानीय रूट पर चलने वाले यात्री वाहनों और हल्के वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। मिश्रीवाला चौक से झिड़ी तक भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी।

श्रद्धालुओं को अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करने होंगे। सड़क के दोनों तरफ वाहनों की पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।

आठ स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ट्रैफिक पुलिस ने आठ पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं। इनमें नायब तहसीलदार कार्यालय के पास वीआइपी पार्किंग, हरि सिंह घराट के पास शामा चक पार्किंग, स्टील ब्रिज के पास पार्किंग, राम दित्ता शर्मा हाउस के पास कल्याणपुर साइड पार्किंग, झिड़ी मंदिर के पीछे भारी मोटर वाहनों की पार्किंग, सिम्बल वाला साइड चक मानी में मिनी बसों की पार्किंग, बावा तालाब के पास और डाब दित्ता पार्किंग शामिल हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।