Jhiri Mela 2026: कार्तिक पूर्णिमा पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, बाबा जित्तो के जयकारों से गूंजा जम्मू
Jhiri Mela 2026: कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर जम्मू के झिड़ी गांव में ऐतिहासिक झिड़ी मेले में हजारों श्रद्धालु उमड़े। भक्तों ने बाबा जित्तो और बुआ कौड़ी के दरबार में शीश नवाया, पवित्र तालाब में अमृत स्नान किया।

बाबा जित्तो के बलिदान की याद में लगता है झिड़ी मेला। (फोटो- जागरण)
HighLights
कार्तिक पूर्णिमा पर झिड़ी मेले में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़।
बाबा जित्तो और बुआ कौड़ी के दरबार में शीश नवाया।
पवित्र बाबा-दा-तालाब में अमृत स्नान कर पुण्य कमाया।
जागरण संवाददाता, जम्मू। उत्तर भारत के ऐतिहासिक एवं धार्मिक झिड़ी मेले के दूसरे दिन कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर झिड़ी में श्रद्धा का सैलाब उमड़ा और हजारों की संख्या में श्रद्धालु बाबा जित्तो व बुआ कौड़ी के जयघोष करते हुए पवित्र कर्मभूमि झिड़ी पहुंचे। जम्मू के मढ़ ब्लाक स्थित झिड़ी गांव में आयोजित इस वार्षिक मेले के दूसरे दिन किसान संत बाबा जित्तो और उनकी बेटी बुआ कौड़ी के दरबार में शीश नवाने के लिए जम्मू-कश्मीर के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली सहित अन्य राज्यों से हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
कार्तिक पूर्णिमा पर बाबा जित्तो व बुआ कौड़ी के दरबार में शीश नवाजने के लिए अन्य राज्यों के श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला सोमवार को ही आरंभ हो गया था और मंगलवार तड़के ही इन श्रद्धालुओं ने बाबा तालाब में अमृत स्नान कर दरबार में माथा टेका।
कार्तिक पूर्णिमा पर सुबह से ही बाबा जित्तो के मंदिर और समाधि स्थल पर दर्शनार्थियों की लंबी कतारें देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया है, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।
अमृत स्नान के लिए उमड़ा सैलाब
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर ऐतिहासिक बाबा-दा-तालाब में अमृत (सुंगल) स्नान करने के लिए भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस सरोवर में स्नान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है।
तालाब के घाटों पर दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। इस अवसर पर अनेक परिवारों ने पुरोहितों की मौजूदगी में अपने बच्चों के मुंडन भी करवाए। मुंडन करवाने के लिए बच्चों को सुंगल स्नान करवाया गया।
किसान स्वाभिमान का प्रतीक है झिड़ी मेला
झिड़ी मेला धार्मिक आस्था के साथ-साथ डोगरा संस्कृति, इतिहास और किसान स्वाभिमान का भी प्रतीक है। यह मेला महान किसान संत बाबा जित्तो के उस ऐतिहासिक बलिदान की स्मृति में प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है, जिन्होंने जमींदार के शोषण और अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाते हुए अपनी मेहनत की फसल पर अधिकार के लिए प्राणों की आहुति दे दी थी।
मान्यता है कि पिता के बलिदान के बाद उनकी बेटी बुआ कौड़ी ने भी उनकी चिता पर अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे। बाबा जित्तो और बुआ कौड़ी का त्याग आज भी समाज को अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने, मेहनतकश वर्ग के अधिकारों की रक्षा करने और स्वाभिमान के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
सुरक्षा के रहे पुख्ता प्रबंध
मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन तथा पुलिस की ओर से व्यापक प्रबंध किए गए हैं। अन्य राज्यों से आने वाले वाहनों के लिए विशेष पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की गई थी जबकि यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था।
इसके अलावा मेले में कृषि प्रदर्शनी, स्थानीय हस्तशिल्प के स्टाल, पारंपरिक दंगल और विभिन्न प्रकार के झूले भी लोगों व बच्चों के आकर्षण का केंद्र बने।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।