विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Jhiri Mela: बाबा जित्तो के दरबार में उमड़ी भीड़, पहले दिन 15000 ने टेका माथा; डोलियों-छड़ियों के साथ पहुंचे भक्त

Published: Tue, 24 Nov 2026 11:46 AM (GMT+05:30)

जम्मू के झिड़ी मेले का सोमवार को शुभारंभ हुआ, जहाँ हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा जित्तो और बुआ कौड़ी के दरबार में माथा टेका। आज कार्तिक पूर्णिमा पर अमृत स्नान होगा और उपराज्यपाल मनोज सिन्हा मेले का औपचारिक उद्घाटन करेंगे।

झिड़ी मेले में विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं की टोलियों का पहुंचना जारी। (फोटो- जागरण)

झिड़ी मेले में विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं की टोलियों का पहुंचना जारी। (फोटो- जागरण)

जागरण संवाददाता, जम्मू/अखनूर। आस्था, त्याग और लोक संस्कृति के अनूठे संगम झिड़ी मेले का सोमवार को शुभारंभ हो गया। मेले के पहले दिन हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा जित्तो व बुआ कौड़ी के दरबार में नतमस्तक होकर सुख-समृद्धि की कामना की। जम्मू के अलावा पंजाब, हरियाणा और दिल्ली समेत कई राज्यों से श्रद्धालुओं की टोलियां सोमवार देर शाम तक बाबा के दरबार में पहुंचती रहीं। अब मंगलवार यानी आज कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु बाबा तालाब में अमृत स्नान करेंगे और वहीं, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा मेले का औपचारिक उद्घाटन करेंगे।

तीन दिसंबर तक चलने वाले इस मेले को पूरा झिड़ी इस समय धार्मिक रंग में रंगा हुआ है। बाबा जित्तो और बुआ कौड़ी के मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, अखंड लंगर, भजन-कीर्तन और सामुदायिक कार्यक्रम सोमवार को दिन भर जारी रहे।

झिड़ी का विशाल मैदान रंग-बिरंगी दुकानों से सजा हुआ है जहां खाने-पीने, कपड़ों, खिलौनों, आभूषणों और घरेलू वस्तुओं की सैकड़ों दुकानें लोगों को आकर्षित कर रही हैं। बच्चों के लिए झूले, मौत का कुआं और खेलों के आयोजन मेले को और भी जीवंत बना रहे हैं।

डोलियों, चौकियों और पारंपरिक छड़ियों के साथ पहुंचे श्रद्धालु

सुबह से ही बाबा जित्तो के दरबार में श्रद्धालुओं का ऐसा सैलाब उमड़ा कि पूरा देवस्थान भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया। पंजाब, हरियाणा सहित देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु डोली, चौकी और छड़ियों के साथ बाबा के दरबार में पहुंचे।

मेले के पहले दिन मंदिर परिसर में बाबा जित्तो के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालु घंटों इंतजार करने के बाद बाबा के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते नजर आए।

श्रद्धालुओं की सेवा और स्वागत के लिए जगह-जगह भंडारों का आयोजन किया गया, जहां आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भोजन और प्रसाद वितरित किया जा रहा था। चारों ओर बाबा जित्तो के जयकारे और धार्मिक गतिविधियों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। प्रशासन के अनुसार सोमवार को करीब 15 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा जित्तो व बुआ कौड़ी के दरबार में माथा टेका।

बाबा जित्तो का अद्वितीय बलिदान

झिड़ी मेले का इतिहास बाबा जित्तो के त्याग और संघर्ष से जुड़ा है। कथा के अनुसार बाबा जित्तो प्राचीन काल में जमींदारों के अन्याय और किसानों के शोषण के खिलाफ डटकर खड़े हुए। अपनी मेहनत की फसल का अनुचित हिस्सा देने से इनकार करते हुए उन्होंने कनक के ढेर पर आत्मबलिदान कर दिया।

उनके इस बलिदान ने किसानों में स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा की भावना को जगाया। बावा जित्तो ही नहीं, उनकी बेटी बुआ कौड़ी ने भी पिता के बलिदान से व्यथित होकर अपना जीवन त्याग दिया। आज उनकी स्मृति में बनी ढेरी आस्था और प्रेरणा का प्रतीक है, जहां श्रद्धालु माथा टेककर न्याय, परिश्रम और धर्मनिष्ठा की प्रेरणा लेते हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।