कब शुरू हो रहा जम्मू का ऐतिहासिक झिड़ी मेला? प्रशासन ने किए खास इंतजाम, बाबा जित्तो के दरबार में जुटेंगे श्रद्धालु
ऐतिहासिक झिड़ी मेले की तैयारियां जोरों पर हैं, जिसके लिए स्वच्छता अभियान शुरू किया गया है। मंडलायुक्त विकास कुंडल ने ...और पढ़ें

मंडलायुक्त ने झिड़ी मेले की तैयारियों का लिया जायजा। (फोटो- जागरण)
HighLights
23 नवंबर से शुरू होने वाले झिड़ी मेले की तैयारियां जारी।
मंडलायुक्त ने स्वच्छता अभियान का आगाज किया, सुरक्षा पर जोर।
झूलों के संचालन के लिए सुरक्षा प्रमाणपत्र अनिवार्य किया गया।
जागरण संवाददाता, जम्मू। ऐतिहासिक बाबा जित्तो की पवित्र भूमि झिड़ी में 23 नवंबर शुरू होने वाले वार्षिक झिड़ी मेले को लेकर तैयारियों जोरशोर से जारी हैं। सोमवार को झिड़ी व बाबा तालाब में मंडलायुक्त जम्मू विकास कुंडल ने डीसी मिंगा शेरपा और मढ़ से विधायक सुरिंद्र कुमार की मौजूदगी में स्वच्छता अभियान का आगाज किया। मेले से पूर्व पूरे इलाके में साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अभियान में प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, स्थानीय निवासियों, विद्यार्थियों और विभिन्न संस्थानों के स्टाफ सदस्यों ने भाग लेकर मेला स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया।
विकास कुंडल ने स्पष्ट किया कि मेले में लगाए जाने वाले सभी झूलों का अनिवार्य सुरक्षा निरीक्षण किया जाए और आवश्यक सुरक्षा प्रमाणपत्र मिलने के बाद ही उन्हें संचालित करने की अनुमति दी जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के शुरू होने से पहले सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं और श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुरक्षा, सुविधा तथा स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
मेले की तैयारियों का जायजा लेने झिड़ी पहुंचे डिवीजनल कमिश्नर
मेले की तैयारियों का जायजा लेने के लिए विकास कुंडल झिड़ी पहुंचे थे और इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से की जा रही व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर मेले के सफल एवं सुचारू आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
झिड़ी पहुंचने पर डिवीजनल कमिश्नर विकास कुंडल ने ऐतिहासिक बाबा जित्तो मंदिर में माथा टेककर आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने मेला स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की स्थिति का जायजा लिया।
समीक्षा बैठक के दौरान डिवीजनल कमिश्नर ने सुरक्षा, स्वच्छता, सड़क संपर्क, पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य सुविधाओं, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, अग्निशमन व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त नियंत्रण कक्ष स्थापित करने के निर्देश दिए, जिसमें संबंधित विभागों के प्रतिनिधि तैनात रहेंगे, ताकि मेले के दौरान किसी भी समस्या का तत्काल समाधान किया जा सके। इस अवसर पर डीआईजी जम्मू-सांबा-कठुआ रेंज श्रीधर पाटिल, एसएसपी जम्मू जोगिंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
संवेदनशील स्थानों पर कैमरे लगाने के निर्देश
मंडलायुक्त ने संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश देते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर जोर दिया। अग्निशमन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने उचित स्थानों पर दमकल वाहन और अग्निशमन हाइड्रेंट उपलब्ध करवाने को कहा।