विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'बगावत नहीं, सिर्फ नाराजगी...', नेकां में मची हलचल पर मंत्री जावेद राणा का जवाब; उमर सरकार के भविष्य पर कही ये बात

By Naveen NawazEdited By: Dallu Slathia
Published: Mon, 02 Nov 2026 12:53 PM (IST)

जनजातीय मामलों के मंत्री जावेद राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार अपना पांच साल का ...और पढ़ें

जावेद राणा बोले- सरकार अपना 5 साल का कार्यकाल पूरा करेगी। (फाइल फोटो)

जावेद राणा बोले- सरकार अपना 5 साल का कार्यकाल पूरा करेगी। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. उमर अब्दुल्ला सरकार पूरा करेगी पांच साल का कार्यकाल।

  2. जम्मू-कश्मीर के सभी क्षेत्रों का होगा समान विकास।

  3. दरबार मूव से मजबूत होंगे आपसी संबंध, सद्भावना बढ़ेगी।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। जम्मू-कश्मीर के जनजातीय मामलों के मंत्री जावेद अहमद राणा ने सोमवार को कहा कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व में मौजूदा सरकार अपना पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा करते हुए जनता के साथ किए गए अपने सभी वादे पूरे करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार या पार्टी को कोई खतरा नहीं है। पार्टी में बगावत नहीं नाराजगी है जो जल्द ही दूर हो जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि जम्मू, कश्मीर और प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र को साथ लेकर आगे बढ़ना सरकार का मुख्य एजेंडा है।

जम्मू में पारंपरिक दरबार मूव के तहत सरकारी कामकाज दोबारा शुरू होने के अवसर पर पत्रकारों से बातचीत में जावेद अहमद राणा ने कहा कि पिछले दो वर्षों में उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार ने कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से सरकार की सभी कैबिनेट बैठकों का विस्तृत रिकॉर्ड और चार्ट तैयार करने की अपील की, ताकि सरकार के फैसलों और उपलब्धियों की जानकारी आम जनता तक पहुंच सके।

कैबिनेट बैठकों में लिए गए फैसलों का रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा

मंत्री ने कहा कि कैबिनेट की बैठकों में लिए गए फैसलों का पूरा ब्यौरा तैयार किया जाना चाहिए, जिससे लोगों और प्रशासनिक कर्मचारियों को पिछले दो वर्षों में सरकार द्वारा किए गए कार्यों की स्पष्ट जानकारी मिल सके।

उन्होंने कहा कि मैं अपने अधीनस्थ सभी कर्मचारियों से भी अनुरोध करूंगा कि वे सभी कैबिनेट बैठकों का पूरा चार्ट तैयार करें, ताकि हर किसी को पता चल सके कि पिछले दो वर्षों में सरकार ने क्या-क्या काम किए हैं।

राणा ने कहा कि कई बार सरकार के सदस्य भी इस अवधि में किए गए व्यापक कार्यों का पूरा विवरण याद नहीं रख पाते। ऐसे में कैबिनेट के फैसलों और सरकारी पहलों का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण बेहद जरूरी है।

उन्होंने दोहराया कि आने वाले समय में सरकार का विशेष ध्यान जम्मू-कश्मीर के प्रत्येक क्षेत्र और उप-क्षेत्र को साथ लेकर चलने पर रहेगा। उन्होंने कहा, 'सभी क्षेत्रों और उप-क्षेत्रों को साथ लेकर समान विकास करना हमारा एजेंडा है। इंशाअल्लाह, एक नए दौर की शुरुआत होगी।'

दरबार मूव की बहाली से मजबूत होंगे जम्मू-कश्मीर के रिश्ते

दरबार मूव की बहाली पर प्रतिक्रिया देते हुए जावेद राणा ने कहा कि जम्मू और कश्मीर के बीच दूरियां पैदा करने की कोशिश करने वाले लोग इस व्यवस्था की बहाली से निराश हुए हैं। दरबार मूव के माध्यम से लोगों का आपसी मेलजोल बढ़ता है, जिससे रिश्ते मजबूत होते हैं और प्रेम, सद्भावना तथा भाईचारे को बढ़ावा मिलता है।

राणा ने दरबार मूव को जम्मू-कश्मीर के लिए एक सकारात्मक शुरुआत बताते हुए कहा कि यह व्यवस्था दोनों क्षेत्रों के बीच आपसी जुड़ाव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

'सरकार पूरा करेगी पांच साल का कार्यकाल'

मंत्री जावेद राणा ने नेशनल कॉन्फ्रेंस को लेकर कहा कि पार्टी पूरी तरह एकजुट और मजबूत है। उन्होंने विश्वास जताया कि उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी।

सरकार क्षेत्रीय संतुलन, समावेशी विकास और सभी क्षेत्रों को समान अवसर उपलब्ध कराने के अपने एजेंडे पर आगे बढ़ती रहेगी। पार्टी में कोई फूट नहीं है, कोई बगावत नहीं है,कुछ लोग नाराज हैं,जल्द ही सबकुछ सामान्य हो जाएगा।

'वादा कुर्सी से बड़ा है', 24 साल बाद नेकां छोड़ेंगे आगा रुहुल्लाह; क्या अब जम्मू-कश्मीर में बनाएंगे नई सियासी ताकत?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।