विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू में फ्लाईओवर के नीचे बना बैडमिंटन कोर्ट, खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए लगेंगे सीसीटीवी

Published: Sun, 04 Oct 2026 02:38 PM (IST)

जम्मू नगर निगम ने पाटा पलौड़ा स्थित फ्लाईओवर के नीचे एक नया बैडमिंटन कोर्ट खिलाड़ियों को समर्पित किया है, जिसका उद्घाटन विधायक शाम लाल शर्मा ने किया।

जम्मू में बैडमिंटन खिलाड़ियों के लिए नई पहल।

जम्मू में बैडमिंटन खिलाड़ियों के लिए नई पहल।

HighLights

  1. जम्मू में फ्लाईओवर के नीचे नया बैडमिंटन कोर्ट समर्पित

  2. विधायक शाम लाल शर्मा ने किया कोर्ट का उद्घाटन

  3. खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य

जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू नगर निगम ने वार्ड नंबर 61 के अधीनस्थ शहर के पाटा पलौड़ा स्थित में फ्लाईओवर के नीचे नवनिर्मित बैडमिंटन कोर्ट खिलाड़ियों को समर्पित किया है।

खिलाड़ियों ने नगर निगम की इस सराहनीय पहल का स्वागत किया है। बैडमिंटन कोर्ट में मौजूद सामान और खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए जल्द ही सीसीटीवी भी लगाए जाएंगे।

विधायक ने किया कोर्ट का उद्घाटन

खिलाड़ियों के लिए इस सुविधा का उद्घाटन विधायक शाम लाल शर्मा ने जम्मू नगर निगम के आयुक्त डा देवांश यादव की उपस्थिति में किया है। स्थानीय खिलाड़ियों ने इस अनूठी पहल के लिए जम्मू नगर निगम और विधायक का आभार जताया है। भारतीय खेल प्राधिकरण के बैडमिंटन के पूर्व वरिष्ठ कोच सतपाल शर्मा ने प्रशासन की इस सराहनीय पहल का स्वागत किया है।

उन्होंने कहा कि शहर के अन्य फ्लाईओवर के नीचे पड़ी खाली जगहों को चिन्हित कर ऐसी जगहों पर विभिन्न खेलों के छोटे-छोटे कोर्ट बनाने चाहिए ताकि ऐसी जगहों का सही इस्तेमाल किया जा सके।

युवाओं को मिलेगा प्रोत्साहन

जम्मू नगर निगम ने खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को स्वस्थ और रचनात्मक गतिविधियों में अधिक से अधिक भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस नए बैडमिंटन कोर्ट का विकास किया है।

बीएसएफ स्कूल के सामने फ्लाईओवर के नीचे स्थित यह सुविधा निवासियों, विशेष रूप से युवाओं को बैडमिंटन और अन्य मनोरंजक गतिविधियों के लिए एक सुविधाजनक स्थान प्रदान करेगी। बैडमिंटन कोर्ट की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिसर में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे।

फ्लाईओवर के नीचे खिलाड़ियों के लिए बनाया गया बैडमिंटन कोर्ट

विधायक शाम लाल शर्मा ने खेल सुविधा के विकास के लिए जेएमसी की सराहना की और आवासीय क्षेत्रों में सुलभ खेल अवसंरचना उपलब्ध कराने के महत्व पर जोर दिया।

डा देवांश यादव ने कहा कि जम्मू नगर निगम स्वस्थ और अधिक सक्रिय शहरी वातावरण में योगदान देने वाले सार्वजनिक स्थानों और सामुदायिक सुविधाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने और स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देने के लिए शहर भर में उपयुक्त स्थानों पर ऐसी पहल की जाएगी।
शहर के पलौड़ा स्थित फ्लाईओवर के नीचे खिलाड़ियों के लिए बनाया गया बैडमिंटन कोर्ट।