जम्मू-कश्मीर: पाकिस्तान ने पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास संघर्ष विराम का उल्लंघन किया
Ceasefire violation, पाकिस्तान ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया।
जम्मू, एजेंसी। पाकिस्तान ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। मंगलवार को पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के किनारे अग्रिम चौकियों और असैन्य क्षेत्रों में गोलाबारी करके संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। अभी तक किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है।
बाज नहीं आ रहा पाकिस्तान, लगातार कर रहा संघर्ष विराम का उल्लंघन
पाकिस्तानी सैनिकों ने शनिवार को भी पुंछ सेक्टर में संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था। पाकिस्तानी सेना ने संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए शनिवार को भी लगातार जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा से लगी अग्रिम चौकियों और असैन्य क्षेत्रों में मोर्टार से गोले दागे थे।
अधिकारियों ने बताया कि जम्मू कश्मीर में नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी सैनिकों ने 2018 में 1600 से अधिक बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया, जो सर्वोच्च है। उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने पुंछ सेक्टर में शुक्रवार को अग्रिम चौकियों और असैन्य क्षेत्रों में मोर्टार से बम दागे। उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने मनकोट, खादी करमारा, गुलपुर क्षेत्रों को निशाना बनाया जिसमें कोई हताहत नहीं हुआ।
गोलीबारी और गोलाबारी देर रात तक चली। उन्होंने बताया कि सीमा की रक्षा कर रहे भारतीय सैनिकों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। पाकिस्तानी सैनिकों ने पिछले कई दिनों से पुंछ में अग्रिम चौकियों और असैन्य क्षेत्रों में गोलाबारी की है। उन्होंने बताया कि संयम बरतने और शांति कायम रखने के लिए 2003 के संघर्ष विराम समझौते का पालन करने के लिए बार-बार आह्वान किए जाने के बावजूद पाकिस्तानी सैनिकों ने नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बिना किसी उकसावे के हमला किया है।