अखनूर में 10 साल तक शादी का झांसा देकर ट्रक में साथ रखा, खुली पोल तो न्याय के लिए भटक रही पीड़िता
अखनूर की एक महिला ने एक व्यक्ति पर दस साल तक शादी का झांसा देकर साथ रखने और अपनी वैवाहिक स्थिति छिपाने का आरोप लगाया है।

अखनूर की पीड़िता ने लगाई न्याय की गुहार।
HighLights
महिला ने व्यक्ति पर दस साल तक शादी का झांसा देने का आरोप लगाया
आरोपी पहले से शादीशुदा था और उसने यह बात छिपाई
पुलिस कार्रवाई न होने पर पीड़िता ने वरिष्ठ अधिकारियों से न्याय मांगा
जागरण संवाददाता, जम्मू। अखनूर निवासी एक महिला ने एक व्यक्ति पर दस वर्षों तक शादी का झांसा देकर साथ रखने और अपनी वैवाहिक स्थिति छिपाकर धोखा देने का आरोप लगाया है।
पीड़िता के मुताबिक दोनों की बातचीत दस वर्ष पहले फोन पर शुरू हुई थी। गलत नंबर से फोन आने के बाद आरोपित लगातार उससे संपर्क करता रहा। बाद में वह अखनूर उससे मिलने आया और उसे अपने साथ बाहर चलने के लिए कहा।
महिला का दावा है कि वह आरोपित के ट्रक में उसके साथ रहती थी और वह उसे शादी करने का भरोसा देता रहा। साथ ही कहता था कि उसका कोई परिवार नहीं है और दोनों जम्मू के लिंक रोड क्षेत्र में मकान बनाकर साथ रहेंगे।
बाद में उसे जानकारी मिली कि वह पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। इसके बाद दोनों में विवाद बढ़ गया। महिला का आरोप है उसने जानीपुर और दोमाना थाने में शिकायतें दीं और कई बार जानीपुर थाने के चक्कर लगाए, लेकिन अभी तक संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई।
पुलिस केवल आरोपित को बुलाने और पूछताछ करने की बात कहती रही। पीड़िता ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई और न्याय दिलाने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: 45 वर्षीय मूक-बधिर रेनू हंस ने 82% अंकों से पास की 10वीं, बेटे ने निभाई 'गुरु' की भूमिका
