खूनी बन रहीं सड़कें, राज्यपाल जी कुछ करो
जागरण संवाददाता, जम्मू : शहर में बढ़ती यातायात समस्या और हादसों के विरोध में प्रदर्शन करत
जागरण संवाददाता, जम्मू : शहर में बढ़ती यातायात समस्या और हादसों के विरोध में प्रदर्शन करते हुए जम्मू वेस्ट असेंबली मूवमेंट ने राज्यपाल से इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि जम्मू जिले के लिए कोई यातायात योजना नहीं है। न ही स्मार्ट जम्मू सिटी का प्लान ही नजर आ रहा है।
मंगलवार को मूवमेंट के बैनर तले बड़ी संख्या में लोगों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए प्रधान सुनील डिम्पल ने राज्यपाल सत्यपाल मलिक से अपील की कि वह जम्मू-कश्मीर में खूनी होती सड़कों को ठीक करवाएं और ट्रैफिक समस्या का समाधान करवाएं। उन्होंने आइजी ट्रैफिक बसंत रथ से भी कार्रवाई की मांग की। शहर के जम्मू पश्चिम विधानसभा में तो हालत और भी खराब है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को कोट भलवाल सड़क हादसे में पांच बच्चों के बाप जगदीश कुमार की मौत हो गई। दो मिनी बसों की रेस में एक और मासूम की जान चली गई। उन्होंने मृतक जगदीश के परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी देने के साथ 50 लाख रुपये मुआवजा देने की भी मांग की।
राज्यपाल से रिहाड़ी में फ्लाई ओवर बनाने की मांग करते हुए डिम्पल ने कहा कि वर्षो से यह प्रोजेक्ट हवा में तैर रहा है। उन्होंने अंबफला से सर्कुलर रोड, रूपनगर, बनतालाब, कोट-भलवाल से अखनूर रोड को बनाने पर जोर दिया। उन्होंने आइजी बसंत रथ से मिनी बस चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग करते हुए उनके परमिट रद करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में जम्मू में दरबार मूव होने वाला है। एक बार फिर जम्मू शहर ट्रैफिक जाम में उलझने वाला है। अभी से प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने इलाके के विधायक पर अनदेखी का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि शहर के सभी प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में जा चुके हैं। नतीजतन पूरे जम्मू शहर में दिक्कतों की भरमार है। विशेषकर ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा चुकी है। कोई परवाह नहीं करता। आम लोगों को परेशान किया जाता है। उन्होंने राज्यपाल से सख्ती की मांग की। प्रदर्शनकारियों में डॉ. शाम सरूप, मंजीत आनंद, चमन पवार, सचिन सोई, चूनी लाल भट्ट, अजय मेहता, कुलवंत शर्मा, सत शर्मा, पीसी कपूर प्रमुख थे।