जम्मू में 3 दिन बाद खुलेगी सबसे बड़ी अनाज मंडी, आज से राशन की सप्लाई फिर शुरू; LG के जांच आदेश के बाद माने व्यापारी
जम्मू की वेयर हाउस-नेहरू मार्केट आज यानी से गुरुवार से राशन की सप्लाई बहाल होगी, जो दिवाली की रात हुए ...और पढ़ें

आग से तबाही के बाद प्रशासन के सामने व्यापारियों ने रखी मांगें।
HighLights
जम्मू वेयर हाउस-नेहरू मार्केट से राशन आपूर्ति बहाल।
उपराज्यपाल ने अग्निशमन विभाग की लापरवाही की जांच के आदेश दिए।
जांच निर्देशों के बाद व्यापारियों ने हड़ताल समाप्त की।
जागरण संवाददाता, जम्मू। दिवाली की रात हुए भीषण अग्निकांड में अग्निशमन विभाग की कथित लापरवाही के विरोध में पिछले तीन दिन से बंद जम्मू-कश्मीर की सबसे बड़ी थोक अनाज मंडी वेयर हाउस-नेहरू मार्केट से आज से राशन की सप्लाई बहाल हो जाएगी। वेयर हाउस-नेहरू मार्केट ट्रेडर्स फेडरेशन के प्रधान दीपक गुप्ता ने बुधवार को तीन दिवसीय बंद समाप्त करने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि दिवाली की रात वेयर हाउस में हुए भीषण अग्निकांड में फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज विभाग की लापरवाही की जांच के लिए उपराज्यपाल मनोज सिन्हा द्वारा दो सदस्यीय कमेटी गठित किए जाने के बाद फेडरेशन ने हड़ताल वापस लेने का फैसला किया है।
वेयर हाउस-नेहरू मार्केट से राशन की सप्लाई शुरू
इसके साथ ही वीरवार से वेयर हाउस-नेहरू मार्केट से राशन की सप्लाई दोबारा शुरू हो जाएगी। फेडरेशन कार्यालय में बुधवार शाम को एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए दीपक गुप्ता ने बताया कि अग्निकांड में आठ दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं, जबकि दो अन्य दुकानों का सामान भी काफी हद तक नष्ट हो गया।
इसके अलावा आग बुझाने के दौरान इस्तेमाल किए गए पानी के कारण साथ लगती आठ से दस दुकानों में रखा सामान भी पूरी तरह भीग गया, जिससे इन दुकानदारों को भी लाखों-करोड़ों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है।
उन्होंने कहा कि फायर टेंडरों के देरी से पहुंचने के कारण आग से होने वाला नुकसान काफी बढ़ गया। इसी के विरोध में फेडरेशन ने मंडी बंद रखने का आह्वान किया था, जिसे बाद में बढ़ाकर तीन दिन कर दिया गया।
अग्निकांड से प्रभावित व्यापारियों के लिए मुआवजे की मांग
दीपक गुप्ता ने बताया कि मुख्य सचिव, गृह सचिव, जम्मू के मंडलायुक्त, उपायुक्त और अतिरिक्त उपायुक्त के साथ गत शाम हुई बैठक में फेडरेशन ने तीन प्रमुख मांगें रखी थीं। इनमें फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज विभाग की लापरवाही की निष्पक्ष जांच करवाना, प्रभावित व्यापारियों को सरकार की ओर से आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाना तथा जेडीए के माध्यम से क्षतिग्रस्त दुकानों का जल्द पुनर्निर्माण करवाना शामिल था।
इसके अलावा वेयर हाउस-नेहरू मार्केट के व्यापारियों को शहर के आसपास गोदाम बनाने के लिए उपयुक्त जमीन आवंटित करने की मांग भी रखी गई थी।
लापरवाही की जांच के आदेश के बाद बंद का फैसला वापस
उन्होंने कहा कि उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मामले का संज्ञान लेते हुए आईजीपी तेजिंदर सिंह और जम्मू के मंडलायुक्त विकास कुंडल की दो सदस्यीय कमेटी गठित कर विभाग की लापरवाही की जांच के आदेश दे दिए हैं।
इसलिए उन्होंने वीरवार से मंडी खोलने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि तीन दिन तक मंडी बंद रहने से जिन क्षेत्रों में राशन की कमी पैदा हुई है, उसे पूरा करने के लिए व्यापारी दिन-रात काम करेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।