जम्मू अनाज मंडी में भीषण अग्निकांड... 8 दुकानें और कंप्यूटर-बहीखाते राख, ₹50 करोड़ का नुकसान; उधारी के हिसाब पर संकट
जम्मू की वेयर हाउस थोक अनाज मंडी में दीवाली की रात लगी आग से आठ दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं, जिससे 50 करोड़ रुपये का अनुमानित नुकसान हुआ।
-1794373560010_m.webp)
दीवाली के दिन जम्मू की अनाज मंडी वेयर हाउस में लगी थी आग (जागरण फोटो)
HighLights
दीवाली रात जम्मू वेयर हाउस में भीषण आग लगी
आठ दुकानें जलकर राख, 50 करोड़ का नुकसान
पुराने बही-खाते, कंप्यूटर डाटा भी नष्ट हो गए
जागरण संवाददाता, जम्मू। दीवाली की रात जम्मू-कश्मीर की सबसे बड़ी थोक अनाज मंडी वेयर हाउस में हुई आगजनी की घटना में आठ दुकानें पूरी तरह से जलकर राख हो गईं, जबकि दो दुकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा।
इस अग्निकांड में इन दुकानों का सामान तो जलकर राख हुआ ही, बल्कि व्यापारियों के वर्षों पुराने बही-खाते भी जलकर राख हो गए।
इन बही-खातों में लेनदारों व देनदारों का वर्षों का हिसाब था, जो जलकर राख हो गया। देश के अन्य हिस्सों की तरह जम्मू-कश्मीर में भी जीएसटी लागू होने के बाद से हालांकि अधिकतर हिसाब-किताब कंप्यूटर पर हो चुका है, लेकिन उधारी का लाखों का हिसाब-किताब काफी हद तक अभी भी पुराने बही खातों में था जो अब जलकर राख हो चुका है।
इतना ही नहीं जो आठ दुकानें पूरी तरह जलकर राख हुई हैं, उनके भीतर पड़े सभी कंप्यूटर भी राख हो चुके हैं। इससे कंप्यूटर की हार्ड डिस्कों में स्टोर डाटा तक भी उपलब्ध नहीं रहा।
पिछले दो दिनों के दौरान दुकानदारों ने कंप्यूटर ढूंढने के काफी प्रयास किए, लेकिन सब जलकर राख हो चुके थे। एक-दो दुकानों से जली हुई हालत में कंप्यूटर मिले, लेकिन उनकी हार्ड डिस्क इस कदर झुलस चुकी थी कि उनमें से कोई भी रिकार्ड नहीं निकल पाया।
ऐसे में अब व्यापारी इस दुविधा में हैं कि जिनसे लाखों रुपये का उधार लेना है, उनसे कैसे और किस आधार पर तकाजा करेंगे। ट्रेडर्स फेडरेशन वेयर हाउस के अध्यक्ष दीपक गुप्ता के अनुसार 50 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
दीवाली की रात से वेयर हाउस में डटी है एडीसी
पिछले 48 घंटों के दौरान अनाज मंडी वेयर हाउस में आगजनी से हुए नुकसान का आकलन करने व पीड़ितों के साथ सहानुभूति जताने के लिए हर राजनेता, मंत्री व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचा है, लेकिन इन सब में जम्मू की एक केएएस अधिकारी ऐसी है जो दीवाली की रात से लगातार वेयर हाउस में डटी हुई हैं।
यह अधिकारी है जम्मू की एडिशनल डिप्टी कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) अंसुया जम्वाल, जो आग लगने की घटना के चंद मिनटों में वेयर हाउस पहुंची और खुद पूरे अभियान का संचालन करते हुए आग पर काबू पाया। इसके बाद सोमवार सुबह उन्होंने फिर मोर्चा संभाला और अपनी निगरानी में पूरा दिन राहत कार्यों को अंजाम दिया।
सोमवार को दिन भर राहत कार्य चलाने के बाद मंगलवार सुबह से ही अंसुया जम्वाल एक बार फिर मंडी में थीं और जिन दुकानदारों ने अपने सामान का बीमा करवा रखा था, उन्हें सहयोग करते हुए बीमा कंपनियों की ओर से सर्वे करने पहुंचे कर्मचारियों के साथ समन्वय बनाकर काम को आगे बढ़ाया।
देर शाम कार्यवाहक मुख्य सचिव शैलेंद्र कुमार के पहुंचने पर उन्होंने पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी दी। मंगलवार को वेयर हाउस के हर व्यापारी की जुबान पर एक ही बात थी कि अगर प्रशासन समय पर सक्रिय नहीं होता, तो शायद नुकसान इससे कहीं ज्यादा होता।
बंद पर आज होगा फैसला
अग्निशमन विभाग की सुस्त कार्यवाही के विरोध में बुधवार तक बंद का आह्वान करने वाली ट्रेडर्स फेडरेशन वेयर हाउस-नेहरू मार्केट कार्यवाहक मुख्य सचिव शैलेंद्र कुमार से बैठक के दौरान कुछ हद तक संतुष्ट नजर आ रही है।
फेडरेशन ने अपनी मांग को लेकर बुधवार के बाद अनिश्चितकालीन बंद की चेतावनी दी थी, लेकिन मंगलवार शाम को शैलेंद्र कुमार की ओर से जांच के निर्देश दिए जाने के बाद फेडरेशन ने अब बुधवार दोपहर को अपने पदाधिकारियों व कार्यकारी समिति की बैठक बुलाई है।
इसमें बंद पर आगे का अंतिम निर्णय लिया जाएगा। शैलेंद्र कुमार से बैठक के बाद इस बात की पूरी संभावना है कि वीरवार से अनाज मंडी खुलेगी और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में राशन सप्लाई एक बार फिर से बहाल होगी।
वीरवार से सप्लाई बहाली की उम्मीद
जम्मू की इस अनाज मंडी से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से रोजाना तीन हजार टन से अधिक राशन की सप्लाई होती है। यहां से रोजाना छोटे-बड़े ट्रकों को मिलाकर 300 ट्रक राशन व खाद्य तेल की सप्लाई होती है जो सोमवार से पूरी तरह से बंद पड़ी हुई है। ऐसे में उम्मीद है कि वीरवार से ये सप्लाई बहाल होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।