श्रीनगर-लेह हाईवे घंटों बंद रहने के बाद खुला
राज्य ब्यूरो, जम्मू : भारी बारिश और बर्फबारी के बाद रविवार सुबह कई घंटे तक बंद रहे श्
जेएनएन, जम्मू/ऊधमपुर : भारी बारिश और बर्फबारी के बाद रविवार सुबह कई घंटे तक बंद रहे श्रीनगर-लेह राजमार्ग को दोपहर बाद फिर से यातायात के लिए खोल दिया गया। वहीं, ऊधमपुर में भूस्खलन से गिरे मलबे की चपेट में आने से एक प्रोफेसर घायल हो गया। चिनैनी इलाके में तवी नदी में फंसे एक किशोर और रामबन जिला में बिसलेरी नाले में फंसी एक लड़की को बचा लिया गया। भारी बारिश के कारण रामनगर के हरतेयान में एक कच्चा मकान क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
जोजिला क्षेत्र के पास बारिश और बर्फबारी होने के बाद प्रशासन ने एहतियातन श्रीनगर और लेह दोनों ओर से मार्ग को यातायात के लिए बंद कर दिया था, लेकिन कुछ घंटों में ही मौसम में सुधार होने लगा। दोपहर होते-होते मौसम में सुधार हो गया था। इसके बाद प्रशासन ने पहले श्रीनगर से गुमरी तक मार्ग को यातायात के लिए खोला और दोपहर तीन बजे के बाद सोनमर्ग से आगे का रास्ता भी खोल दिया। इसके बाद यातायात सामान्य हो गया। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार दोनों ओर से सुरक्षित मार्ग को देखते हुए ही यातायात को सुचारु बनाया गया है।
-----------
भूस्खलन से प्रोफेसर घायल
जागरण संवाददाता, ऊधमपुर : बारिश की वजह छतरेड़ी में हुई भूस्खलन से गिरे मलबे की चपेट में आने से एक प्रोफेसर घायल हो गया। प्रोफेसर की पहचान यशपाल (35) पुत्र ओम प्रकाश निवासी छतरेड़ी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक यशपाल सुबह बस से जा रहा था। छतरेड़ी के पास सड़क पर भूस्खलन होने से रास्ता बंद हो गया। इसके बाद यशपाल बस से नीचे उतर कर पैदल भूस्खलन प्रभावित हिस्से को पार करने लगा। तभी वह मलबे की चपेट में आने से घायल हो गया। लोगों ने उसे बाहर निकाल कर जिला अस्पताल ऊधमपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सरकारी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
-----------
तवी में फंसे दो लोगों को बचाया
ऊधमपुर : चिनैनी इलाके में तवी नदी में फंसे एक किशोर और रामबन जिला में बिसलेरी नाले में फंसी एक लड़की को बचा लिया गया। किशोर की पहचान दसवीं के विद्यार्थी सोहन लाल (19) पुत्र मोहन लाल निवासी घाड़यिां कलां के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोपहर करीब ढाई बजे किशोर घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में पड़ती तवी नदी को पार करते समय जलस्तर बढ़ने से वह फंस गया। लोगों ने फौरन उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं, रामबन जिला में भी एक लड़की को बचाया गया। लोगों ने बताया कि बिसलेरी नाला में सामान्य तौर पर कम पानी रहता है, जिसके चलते लड़की नाला पार कर जा रही थी। मगर अचानक पानी बढ़ने से वह फंस गई। वह पत्थर पर चढ़ गई। इसके बाद क्यूआरटी और स्थानीय लोगों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
-------------
बारिश से मकान क्षतिग्रस्त
भारी बारिश के कारण रामनगर के हरतेयान में एक कच्चा मकान क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। पुलिस के मुताबिक लगातार हो रही बारिश की वजह से दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हरतरेयान गांव में रहने वाली बिमला देवी पत्नी मंगत राम का मकान गिर गया। इस हादसे में वह और उसके परिवार के लोग सुरक्षित बच गए। डीसी ऊधमपुर र¨वद्र कुमार ने बताया कि बारिश के कारण महिला का मकान क्षतिग्रस्त हुआ है। अधिकारियों को सभी इलाकों में नुकसान की जानकारी जुटाने के लिए कहा गया है। बारिश के कारण बिजली आपूíत व्यवस्था भी प्रभावित हुई।