7 की उम्र में बनाई वेबसाइट, 16 में सेटेलाइट... अब स्पेस संचार के लिए जुटाए 4.3 मिलियन डॉलर; कौन हैं ओंकार सिंह बत्रा?
जम्मू के होनहार उद्यमी ओंकार सिंह बत्रा, जिन्होंने 7 साल की उम्र में वेबसाइट और 16 में सैटेलाइट बनाया, अब 4.3 मिलियन डॉलर की फंडिंग के साथ अंतरिक्ष संचार में क्रांति ला रहे हैं।

तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के साथ ओंकार सिंह बत्रा। फाइल फोटो
HighLights
सात साल में वेबसाइट, 16 में सैटेलाइट बनाया।
4.3 मिलियन डॉलर फंडिंग के साथ अंतरिक्ष संचार में जुटे।
राष्ट्रीय बाल पुरस्कार विजेता, एपोलिंक के संस्थापक।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। जम्मू के होनहार ओंकार सिंह नए कीर्तिमान कर रहे हैं। राष्ट्रीय बाल पुरस्कार विजेता ओंकार सिंह ने सात साल की उम्र में वेबसाइट, 16 की आयु में सैटेलाइट बना कर इतिहास रच दिया था। अब 4.3 मिलियन डॉलर की फंडिंग के साथ अंतरिक्ष संचार में जुट गए हैं।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में जहां तकनीक तेजी से बदल रही है, वहीं देश की युवा पीढ़ी नई चुनौतियों का समाधान तलाशने में जुटी है। इसी युवा सोच का प्रेरणादायक उदाहरण हैं जम्मू में जन्मे उद्यमी ओंकार सिंह बत्रा, जिन्होंने बेहद कम उम्र में तकनीक की दुनिया में अपनी पहचान बनाई और अब अंतरिक्ष संचार के क्षेत्र में अहम बदलाव लाने की दिशा में काम कर रहे हैं।
16 साल की उम्र में तैयार किया सेटेलाइट
ओंकार बत्रा ने महज सात वर्ष की उम्र में वेबसाइट तैयार कर अपनी तकनीकी प्रतिभा का परिचय दिया। इसके बाद उन्होंने कम उम्र में ही सैटेलाइट तकनीक की ओर कदम बढ़ाया और 16 वर्ष की उम्र में सैटेलाइट तैयार करने की उपलब्धि हासिल की। उनकी प्रतिभा को वैश्विक स्तर पर भी पहचान मिली और वे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड से जुड़े।
आईआईटी से शिक्षा प्राप्त करने वाले ओंकार अब अपने स्टार्टअप एपोलिंक के माध्यम से अंतरिक्ष क्षेत्र में नई संभावनाएं तलाश रहे हैं। कंपनी का उद्देश्य लो अर्थ ऑर्बिट में संचार से जुड़ी चुनौतियों को दूर करने के लिए सैटेलाइट रिले सिस्टम विकसित करना है। हाल ही में एपोलिंक ने 4.3 मिलियन डॉलर की फंडिंग हासिल की है, जो ओंकार के विचार और उनकी तकनीक में निवेशकों के विश्वास को दर्शाती है।
छात्रवृत्ति पर अमेरिका से रिमोट लर्निंग के जरिये 12 की पढ़ाई की
आज जब एआई, रोबोटिक्स, स्पेस टेक्नोलॉजी और एडवांस्ड कंप्यूटिंग जैसे क्षेत्र तेजी से बदल रहे हैं, ओंकार बत्रा की यात्रा यह दिखाती है कि कम उम्र में तकनीकी जिज्ञासा और नवाचार की भावना को सही दिशा मिले तो युवा वैश्विक स्तर की चुनौतियों के समाधान का हिस्सा बन सकते हैं। ओंकार सिंह जम्मू के तालाब तिल्लो क्षेत्र के रहने वाले हैं और छात्रवृत्ति पर अमेरिका से रिमोट लर्निंग के जरिये 12 की पढ़ाई की।
वर्ष 2020 में ओंकार को तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बाल शक्ति पुरस्कार देकर सम्मानित किया था। ओंकार के नाम कई रिकॉर्ड दर्ज हैं। सात वर्ष की उम्र में ओंकार ने वेबसाइट बनानी शुरू कर दी थी। ओंकार ने वेन द टाइम स्टॉप्स शीर्षक से पहली पुस्तक लिखी थी, जिसके बाद ओंकार को दुनिया में सबसे छोटी उम्र के थियोरेटिकल ऑथर का खिताब दिया गया।
छोटी सी उम्र में वो काफी कुछ सीख गया
वर्ष 2020 में राष्ट्रीय बाल शक्ति पुरस्कार हासिल करके उन्होंने अपने परिवार, शहर व प्रदेश का नाम रोशन किया था और अब वह नए अविष्कार के साथ इतिहास रचने जा रहे हैं। ओंकार सिंह के पिता बलविंदर सिंह को अपने बेटे पर गर्व है। छोटी सी उम्र में वो काफी कुछ सीख गया और नए-नए प्रयोग करता रहा।
ओंकार ने देश की पहली ओपन सोर्स नैनो सैटेलाइट बनाई है। ओंकार सिंह की माता परमजीत कौर कहती थी कि ओंकार दिन रात कुछ न कुछ करते रहता था। कई बार तो रात-रात भर जागता रहता है। यहां तक कि जब दसवीं की बोर्ड की परीक्षा थी, तब भी परीक्षा की तैयारी के साथ अपने प्रयोगों में लगा रहता था।
कई बार डर लगता था कि कहीं पढ़ाई प्रभावित न हो लेकिन ओंकार ने पढ़ाई के साथ अपने शोध भी जारी रखे और आज उस मुकाम पर है कि हमें उस पर गर्व है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।