Jammu: 'वी द हयूमन' ने दिया संदेश- परिंदों के लिए सुरक्षित हों चिनाब के किनारे
वहीं दूसरी ओर उन्होंने क्षेत्र के लोगों से कहा कि वे प्रकृति काे समझने का प्रयास करें और इसके संरक्षण के लिए अपनी भूमिका निभाएं। यह चिनाब नदी जम्मू क्षेत्र के लोगों को खेती के लिए तो पानी देती ही है वहीं हम लोगों की प्यास भी बुझाती है।
जम्मू, जागरण संवाददाता: गैर सरकारी संस्था वी द हयूमन संस्था ने हल्का मढ़ गांव में कार्यक्रम कर संदेश दिया कि चिनाब के प्रमुख किनारे प्रवासी पक्षियों के लिए सुरक्षित किए जाएं। सर्दियों के इन दिनों में प्रवासी पक्षियों के आने का क्रम आरंभ हो जाता है और यह पक्षी चिनाब नदी के किनारों पर आकर अपना बसेरा बनाते हैं। इसलिए बेहतर होगा कि इन स्थलों की पहचान कर प्रवासी पक्षियों के विचरण के लिए सुरक्षित किए जाएं।
कार्यक्रम स्वास्थ्य एवम चैरिटेबल संस्था नई दिल्ली के सहयोग से किया गया। इस दौरान लोगों में जरूरत का सामान तो वितरित किया ही गया। रिटायर्ड भारतीय वन सेवा अधिकारी कैप्टन ललित शर्मा जोकि वी दि हयूमन के वाइस चेयरमैन भी हैं, कार्यक्रम में मुख्य अतिथि थे, उन्होंने कहा कि चिनाब नदी के किनारे कई प्रवासी पक्षी आकर सर्दियों में अपना समय बिताते हैं। इनके बसेरे सुरक्षित किया जाने चाहिए।
वहीं दूसरी ओर उन्होंने क्षेत्र के लोगों से कहा कि वे प्रकृति काे समझने का प्रयास करें और इसके संरक्षण के लिए अपनी भूमिका निभाएं। यह चिनाब नदी जम्मू क्षेत्र के लोगों को खेती के लिए तो पानी देती ही है वहीं हम लोगों की प्यास भी बुझाती है। दूसरी ओर जीव जंतुओं के लिए महत्वपूर्ण है। क्षेत्र के लोगों ने जानकारी दी कि सीमांत क्षेत्र में चिनाब नदी के किनारे वाले इलाके पक्षियों के लिए काफी खास हैं क्योंकि यहीं पर ब्रहमी बतख व दूसरे प्रवासी पक्षी आकर ठहरते हैं।
मौके पर कार्यकर्ताओं ने लोगों को कोरोना से बचाव के लिए जरूरी उपाय किए जाने पर जोर दिया। कहा कि केंद्र सरकार द्वारा दिए गए निर्देशों की पूरी तरह से पालन होना चाहिए। लोगों में जरूरी सामान बांटा गया। मौके पर महेंद्र कुमार, सना, लीला देवी,देवी दास, अश्विनी शर्मा, मुकेश, सुषमा कुमारी आदि उपस्थित थे जिन्होंने अपने विचार भी दिए।