जम्मू में चलती थार से लटके 2 युवक, वायरल हुआ वीडियो तो ट्रैफिक पुलिस पर उठे सवाल
जम्मू में चलती थार से दो युवकों के लटके होने का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे यातायात ...और पढ़ें

जम्मू के नरवाल-कुंजवानी मार्ग पर थार से लटककर युवकों ने किए खतरनाक स्टंट।
HighLights
जम्मू में चलती थार से दो युवक खतरनाक तरीके से लटके
वायरल वीडियो ने यातायात नियमों के उल्लंघन पर गंभीर सवाल उठाए
सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक पुलिस की भूमिका पर प्रश्नचिह्न लगा
जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू में यातायात नियमों की अनदेखी का एक और वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। इसमें एक चलती थार के बाहर दो युवक लटके हुए दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो में वाहन दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि यह वाहन निर्माणाधीन नरवाल से होते हुए कुंजवानी की ओर जा रहा था। इसमें दोनों युवक जिस तरह से वाहन के बाहर लटके नजर आ रहे हैं, उससे सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
खास बात यह है कि वीडियो में किसी रैली या विशेष आयोजन की स्थिति नजर नहीं आ रही है, बल्कि वाहन सामान्य रूप से सड़क पर चलता दिखाई दे रहा है। चलती गाड़ी से बाहर लटक कर सफर करना न केवल चालक और वाहन में सवार लोगों के लिए, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों के लिए भी खतरा पैदा कर सकता है।
खासकर, उस क्षेत्र में जहां सड़क निर्माण और अन्य विकास कार्य चल रहे हैं व जगह-जगह सड़क की स्थिति प्रभावित है। प्रसारित वीडियो के सामने आने के बाद सवाल उठ रहा है कि क्या यातायात नियमों का पालन केवल प्रमुख सड़कों या उन स्थानों पर ही जरूरी है, जहां पुलिस या मीडिया की मौजूदगी होती है।
सड़क सुरक्षा नियम हर स्थान पर समान रूप से लागू होते हैं। इंटरनेट मीडिया पर वीडियो प्रसारित होने के बाद संबंधित विभाग द्वारा वाहन की पहचान कर कार्रवाई की जाती है या नहीं, यह देखने वाली बात होगी।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर के रामबन में खड़ी कार के अंदर मिले दो पुलिसकर्मियों के शव, संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप
