Move to Jagran APP

स्वच्छ जम्मू: गंदगी का दाग मिटाने को निगम घर-घर से संग्रह करेगा कचरा

शहर के जिन पांच वार्डो (20 21 22 53 व 54) में इसे शुरू किया जा रहा है उनमें गांधीनगर त्रिकुटा नगर के क्षेत्र शामिल हैं।

By Rahul SharmaEdited By: Published: Tue, 12 Mar 2019 05:05 PM (IST)Updated: Tue, 12 Mar 2019 05:05 PM (IST)
स्वच्छ जम्मू: गंदगी का दाग मिटाने को निगम घर-घर से संग्रह करेगा कचरा
स्वच्छ जम्मू: गंदगी का दाग मिटाने को निगम घर-घर से संग्रह करेगा कचरा

जम्मू, जागरण संवाददाता। स्वच्छता सर्वेक्षण में लगे गंदगी के दाग को मिटाने के लिए जम्मू नगर निगम शहर के हर घर से कचरा उठाने जा रहा है। कचरे का अलगाव भी साथ ही करवा लिया जाएगा। शहर के पांच वार्ड में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में इसे शुरू करने की तैयारी है। एक गैर सरकारी संस्था शुद्धि के साथ मिलकर इस प्रोजेक्ट को सिरे चढ़ाया जाएगा। दो महीने में इसे पूरे शहर में लागू कर दिया जाएगा।

loksabha election banner

शहर के जिन पांच वार्डो (20, 21, 22, 53 व 54) में इसे शुरू किया जा रहा है, उनमें गांधीनगर, त्रिकुटा नगर के क्षेत्र शामिल हैं। इससे पहले शहर के 39 वार्ड में पहले ही इस व्यवस्था को लागू किया गया है। इसी कड़ी में आगे बढ़ते हुए सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग करने के लिए दो भागों वाली 70 रेहडिय़ां भी खरीद कर ली हैं। इतना ही नहीं दो हिस्सों वाले आटो और टिप्पर खरीदने की प्रक्रिया भी निगम ने शुरू कर दी है। निगम पहले ही दस ऐसे आटो वार्डो में उतार चुका है जिनमें दो तरह का कचरा डाला जा सकता है। अगर यह पायलट प्रोजेक्ट सफल रहा तो सारे शहर में इस व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। कचरे का निस्तारण करते हुए शुद्धि संस्था के साथ इससे खाद बनाने की तैयारी जारी है। बंधु रक्ख व अन्य क्षेत्रों में निगम की जमीन पर यह काम किया जाएगा।

कुछ मुहल्लों में कचरा अलगाव शुरू किया : फिलहाल निगम ने वार्ड नंबर 20, 36 और 64 के लक्कड़ मंडी, भवानी नगर, इंदिरा कॉलोनी, गांधीनगर, स्वर्ण विहार पुलिस कॉलोनी और दुर्गा नगर में कचरे के अलग-अलग करने का काम पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू कर दिया है। निगम शहर वासियों को कचरा अलग-अलग करने के लिए हर घर को नीले और हरे रंग के दो कूड़ेदान भी देने जा रहा है। जिनकी क्षमता 10 से 15 लीटर रहेगी। इतना ही नहीं लोगों को जागरूक करने की प्रक्रिया भी शुरू की है। इसके तहत अनाउंसमेंट तथा लोगों को सूचनाएं भी दी जा रही है।

बंधु रक्ख में बनाएंगे खाद : गंग्याल के साथ लगते बंधु रक्ख में निगम की जमीन पर खाद बनाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। यहां ढांचा तैयार किया जा रहा है। बिजली व पानी का कनेक्शन लेने के लिए कागजी कार्रवाई कर ली गई है। बोरिंग में थोड़ा समय लगेगा। यहां शुद्धि संस्था पूरा ढांचा तैयार कर रही है। निगम का इसमें कोई पैसा खर्च नहीं होगा। संस्था सारा स्ट्रक्चर तैयार करेगी। निगम को घरों से मिलने वाले यूजर चार्ज से पैसा आएगा।

शहर का कुल क्षेत्र : 189.43 वर्ग किलोमीटर

नगर निगम अधीनस्थ कुल वार्ड : 75

शहर में कुल घर : 122875

शहर की आबादी : 6,93,284

व्यापारिक प्रतिष्ठान : करीब 4 हजार

बैंक्वेट-मैरिज हाल : 120

कचरा निस्तारण साइट : कोट भलवाल

कचरा साइट का क्षेत्र : 156 कनाल

सफाई कर्मचारी : 1895

चिन्हित कूड़ा बीनने वाले : 117

शहर से निकलने वाला कचरा

- कुल कचरा जमा होता है - 400 मीट्रिक टन प्रति दिन

- गलियों की सफाई से - 50 मीट्रिक टन प्रति दिन

- होटल/रेस्टोरेंट से - 40 मीट्रिक टन प्रतिदिन

- बाजारों से - 50 मीट्रिक टन प्रतिदिन

- व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से - 20 मीट्रिक टन प्रतिदिन

- घरों से - 130 मीट्रिक टन प्रतिदिन

- अन्य से - 110 मीट्रिक टन प्रति दिन

- डोर-टू-डोर कचरा उठाने के लिए हमने पायलट प्रोजेक्ट तैयार किया है। गीला और सूखा कचरा घरों से ही अलग कर लिया जाएगा। घर के बाहर से आटो कचरा उठा लेगा। बंधु रक्ख में इसके लिए यूनिट तैयार किया जा रहा है। बिजली और पानी का कनेक्शन लगाने की प्रक्रिया जारी है। यहां बोरिंग की जाएगी। मशीन लगेगी। इससे कचरा निस्तारण तो होगा ही, निगम को राजस्व भी मिलेगा। वार्ड नंबर 16, 36, 64 में काम शुरू कर दिया गया है। - डॉ. जफर इकबाल, नोडल आफिसर, सालिड वेस्ट मैनेजमेंट, जम्मू नगर निगम

- जम्मू शहर को खूबसूरत बनाने के हरसंभव प्रयास जारी हैं। कचरा निस्तारण के साथ हम डोर-टू-डोर कचरा उठाने की व्यवस्था बनाने में जुट गए हैं। दो महीनों में शहर में व्यवस्था बन जाने की उम्मीद है। इससे निगम का राजस्व भी बढ़ेगा। शहरवासी भी इसमें सहयोग करें। कचरे को घरों में अलग-अलग कर कूड़ेदानों में डालें। - चंद्रमोहन गुप्ता, मेयर, नगर निगम, जम्मू 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.