जिस लड़की के लिए युवक ने दी जान, उसने भी किया सुसाइड; जम्मू में लव स्टोरी का दर्दनाक अंत
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के छात्र कृष्ण शर्मा की आत्महत्या के बाद, उनकी प्रेमिका ने भी जम्मू के भद्रवाह में फंदा लगाकर जान दे दी।

जम्मू में लव स्टोरी का दर्दनाक अंत (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
प्रेमी कृष्ण शर्मा ने पहले अलीगढ़ में आत्महत्या की थी।
प्रेमिका ने भद्रवाह में फंदा लगाकर अपनी जान दी।
परिवार को दोनों का प्रेम संबंध मंजूर नहीं था।
जागरण संवाददाता, जम्मू। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से बीए |नर्स फ्रेंच की पढ़ाई कर रहे जम्मू के कृष्ण शर्मा (कृष्णा) की आत्महत्या के मामले में एक नया मोड़ आ गया है। कृष्ण ने कथित तौर पर जिस लड़की के प्यार में जान दी थी, उसने भी फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है।
उक्त युवती डोडा जिला के भद्रवाह की रहने वाली है। वह अपनी बहन के साथ कृष्ण के जम्मू के मस्तगढ़ क्षेत्र में स्थित घर पर किराये पर रहती थी और यहीं पर दोनों में प्रेम हुआ। यह बात कृष्ण के परिवार को पसंद नहीं थी और करीब दो महीने पहले दोनों बहनें उनके घर से कमरा छोड़ कर चली गई थीं।
जानकारी के अनुसार, उक्त युवती जम्मू स्थित इंदिरा गांधी गवर्नमेंट डेंटल कालेज से बीडीएस की पढ़ाई कर रही थी और रक्षाबंधन पर अपने घर भद्रवाह गई थी।
बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे परिजनों ने युवती को कमरे में पंखे से झूलता पाया। सूचना मिलने पर भद्रवाह पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया गया। बुधवार को युवती का अंतिम संस्कार किया गया। युवती के पिता सेना में हैं और इन दिनों नार्थ-ईस्ट में तैनात हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।