Move to Jagran APP

बीएसएफ की पोस्ट के पास से घुसा था घुसपैठिया

-पाकिस्तानी नागरिक बोला- घर में झगड़ा करने के बाद चला आया था सीमा की ओर -घुसपैठ करने से पहले भांग का नशा किया बताए स्थान पर सिगरेट का पैकेट बरामद

By JagranEdited By: Published: Mon, 23 Sep 2019 09:38 AM (IST)Updated: Thu, 26 Sep 2019 06:38 AM (IST)
बीएसएफ की पोस्ट के पास से घुसा था घुसपैठिया
बीएसएफ की पोस्ट के पास से घुसा था घुसपैठिया

संवाद सहयोगी, आरएसपुरा: सीमा पार कर शनिवार को भारतीय क्षेत्र में घुस आए पाकिस्तानी नागरिक ने खुलासा किया है कि वह भारत-पाक सीमा पर स्थित भारतीय सुरक्षा बल की पोस्ट सुशील के पास से भारतीय सीमा में घुसा था। इसके बाद उसने वहां से बेगा गांव में सुरक्षा बांध से नीचे उतरकर चंदू चक्क गांव की ओर गया। वहां उसने एक ग्रामीण की जेब से रुपये निकाले। इसके बाद एक अन्य घर में घुसकर कपडे़ बदले, जहां वह पकड़ा गया। ये सभी बातें उसने पूछताछ में पुलिस को बताई हैं।

loksabha election banner

रविवार को एसओजी की टीम बशारत अली को लेकर चंदू चक्क गांव सहित सीमा पर भी गई। पुलिस ने बशारत अली द्वारा दी गई जानकारी की जांच की। पुलिस टीम ने उसके द्वारा भारत में घुसने के बताए मार्ग पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और वहां से सिगरेट का एक पैकेट भी बरामद किया। पकडे़ गए पाकिस्तानी नागरिक ने पुलिस को यह भी बताया कि वह सियालकोट के जटवां गांव का रहने वाला है। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा है और उसकी दो बहनें हैं। उसने पुलिस को अपना नाम बशारत अली व पिता का नाम मोहम्मद रफीक बताया है। उसने बताया कि शुक्रवार की सुबह घर के लोगों से उसका झगड़ा हो गया था। इससे नाराज होकर वह सीमा की ओर चला आया। यहां उसने भारतीय सीमा सुरक्षा बल की पोस्ट कठमारियां और सुशील के सामने पहले भांग का नशा किया। इसके बाद सिगरेट पी और फिर सुशील पोस्ट के पास से तारबंदी को पार कर भारतीय क्षेत्र में घुस आया। इसके बाद वह आगे बढ़ते हुए चंदू चक्क गांव पहुंचा, जहां उसने एक बुजुर्ग की कमीज की जेब से पैसे निकाले। इसके बाद दीवार फांदकर साथ लगते घर में घुस गया। यहां उसने छत पर सुखाने के लिए रखे गए कपड़े पहन लिए। इस बीच वह घर की एक महिला को देखकर छुपने की कोशिश करने लगा, लेकिन उसने उसे देख लिया और शोर मचा दिया। इसके बाद वह पकड़ लिया गया। घुसपैठिया कहीं आतंकी संगठन से जुड़ा तो नहीं

जांच एजेंसियों को पाकिस्तानी नागरिक की बातों पर यकीन नहीं हो रहा है। वे पता कर रही हैं कि कहीं घुसपैठिया किसी आतंकवादी संगठन से जुड़ा तो नहीं है। एसएसपी ऑपरेशन संजीव मेहता, एसपी साउथ विनय शर्मा, बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों और एसपी हेड क्वार्टर फारूक केसर सहित पुलिस अधिकारियों ने घुसपैठिए से कई घंटे पूछताछ की है। घुसपैठिए को तारबंदी के निकट भी ले जाया गया, जहां से उसने घुसपैठ की थी। एसपी हेडक्वार्टर के अनुसार पुलिस सभी पहलुओं को लेकर अभी फिलहाल छानबीन कर रही है। मोबाइल डिटेल की भी जांच की जा रही है। सुरंग बनाने के शक में जेसीबी से खोदी गई जमीन

सीमावर्ती गांव से पाकिस्तानी नागरिक पकड़े जाने के बाद रविवार को सीमा सुरक्षा की ओर से सीमा पर तारबंदी के आसपास कई जगहों पर तलाशी अभियान चलाकर क्षेत्र को खंगाला गया। बीएसएफ ने सीमा पर सुरंग होने के शह में इसकी जांच करने के लिए ट्रैक्टर व जेसीबी की मदद ली। रविवार सुबह से ही सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने खोजी कुत्तों के साथ क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। सीमा पर सुरक्षा को और पुख्ता बना दिया। सुरक्षा बल के उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने पाकिस्तानी नागरिक के सीमा पार करने की जानकारी लेने के साथ सीमा पर तारबंदी की भी जांच की। बताया जा रहा है कि सुरक्षा बल अधिकारियों ने पकडे़ गए पाक नागरिक से सीमा पार करने की जानकारी मिलने के बाद उस रास्ते को भी खंगाला और सटे इलाकों में तलाशी अभियान चलाया। सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

पाकिस्तानी नागरिक के पकडे़ जाने के बाद से सुरक्षा एजेंसियां और सतर्क हो गई हैं। विभिन्न जांच एजेंसियों ने सीमावर्ती ग्रामीणों से भी जानकारी हासिल की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर दिन में एक व्यक्ति सीमा पार कर भारतीय सीमा में घुस आया है तो रात में तो कुछ भी हो सकता है। उनका कहना है कि क्षेत्र में विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के लोग काम कर रहे हैं, ऐसे में एक पाकिस्तानी नागरिक कैसे भारतीय क्षेत्र में घुस आया। अगर स्थानीय लोग उसे नहीं पकड़ते तो कुछ भी हो सकता था।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.