जम्मू-कश्मीर: सात साल बाद NLU की स्थापना का रास्ता साफ, बडगाम में होगा मुख्यालय; जम्मू में बनेगा अलग कैंपस
जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एनएलयू) की स्थापना का सात साल बाद रास्ता साफ हो गया है, जिसका मुख्यालय बडगाम में और जम्मू में एक अलग परिसर होगा।

जम्मू-कश्मीर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला (फाइल फोटो)
HighLights
सात साल बाद जम्मू-कश्मीर में एनएलयू की स्थापना का रास्ता साफ।
विश्वविद्यालय का मुख्यालय बडगाम में, जम्मू में अलग परिसर बनेगा।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने क्षेत्रीय विवाद का बीच का रास्ता निकाला।
नवीन नवाज, जम्मू। जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी-एनएलयू) की स्थापना का रास्ता आखिरकार साफ हो गया है।
करीब सात साल पहले कानून बनने के बावजूद अब तक अस्तित्व में नहीं आ सकी इस संस्था को लेकर सरकार ने 28 नवंबर को दो महत्वपूर्ण अधिसूचनाएं जारी की हैं।
इनके तहत जम्मू-कश्मीर राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय अधिनियम, 2018 को 30 नवंबर, 2026 से लागू किया जाएगा। विश्वविद्यालय का मुख्यालय मध्य कश्मीर के बडगाम जिले में होगा, जबकि जम्मू में इसका अलग कैंपस स्थापित किया जाएगा।
यह फैसला केवल एक नए उच्च शिक्षण संस्थान की स्थापना नहीं है, बल्कि जम्मू और कश्मीर के बीच लंबे समय से चले आ रहे क्षेत्रीय संतुलन और संस्थान के स्थान को लेकर विवाद का समाधान निकालने की कोशिश भी है।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मुख्यालय बडगाम में रखकर कश्मीर के लोगों से किया अपना वादा पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। वहीं, जम्मू में अलग परिसर की घोषणा कर उन्होंने इस क्षेत्र की मांगों को भी जगह दी है। इस तरह सरकार ने दोनों प्रांतों के बीच संतुलन साधने का प्रयास किया है।
जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय स्तर के विधि शिक्षण संस्थान की स्थापना की चर्चा वर्ष 2015 में शुरू हुई थी। इस मामले से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, हाईकोर्ट से संबंधित न्यायिक पहल के दस्तावेजों में जम्मू और श्रीनगर में नेशनल ला स्कूल स्थापित करने का प्रस्ताव दर्ज है।
2018 में विधेयक हुआ था पारित
इसके लिए दो न्यायाधीशों की समिति गठित करने और दोनों केंद्रीय विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को प्रक्रिया से जोड़ने की बात कही गई थी।इसके बाद 12 फरवरी, 2018 को जम्मू-कश्मीर विधानसभा ने एनएलयू की स्थापना का विधेयक पारित किया।
तत्कालीन कानून एवं न्याय मंत्री अब्दुल हक ने इसे पेश करते हुए कहा था कि इससे कानूनी शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर होगी और विद्यार्थियों को उच्चस्तरीय शिक्षा के अवसर मिलेंगे।
28 सितंबर, 2019 को तत्कालीन राज्यपाल की मंजूरी के बाद यह अधिनियम कानून बन गया। हालांकि, मुख्यालय और परिसर का स्थान तय न होने के कारण इसकी स्थापना आगे नहीं बढ़ सकी।
बडगाम उपचुनाव में फिर गरमाया मुद्दा
अक्टूबर 2025 में बडगाम विधानसभा सीट के उपचुनाव के दौरान यह मुद्दा फिर चर्चा में आया। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ओमपोरा में अस्थायी परिसर से अप्रैल 2026 तक विश्वविद्यालय का कामकाज शुरू करने की घोषणा की थी।
उनका कहना था कि जम्मू-कश्मीर के विद्यार्थियों को कानून की पढ़ाई के लिए दूसरे राज्यों में जाना पड़ता है, इसलिए विश्वविद्यालय की स्थापना में और देरी नहीं होनी चाहिए।
स्थायी परिसर का स्थान बाद में तय करने की बात भी कही गई थी।हालांकि, भाजपा ने इस घोषणा को लेकर चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी। पार्टी ने इसे आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन बताया था
स्थान को लेकर जम्मू-कश्मीर में खींचतान
विश्वविद्यालय के स्थान को लेकर कश्मीर और जम्मू, दोनों संभागों में अलग-अलग मांगें उठती रही हैं। कश्मीर के राजनीतिक प्रतिनिधियों और संगठनों की मांग थी कि विश्वविद्यालय कश्मीर में स्थापित हो, जबकि भाजपा नेताओं और जम्मू के विभिन्न संगठनों ने इसके मुख्यालय की स्थापना जम्मू में करने की मांग उठाई।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी इस बहस के दौरान क्षेत्रीय राजनीति पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि जब जम्मू में आइआइटी और आइआइएम जैसे संस्थान स्थापित किए गए, तब कश्मीर की ओर से ऐसा विरोध क्यों नहीं हुआ। 12 जनवरी, 2026 को उन्होंने स्पष्ट किया था कि विश्वविद्यालय के स्थायी स्थान पर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। साथ ही शैक्षणिक संस्थानों को क्षेत्रीय राजनीति से दूर रखने की अपील की थी।
विधानसभा में भी उठा था मामला
29 अक्टूबर, 2025 को विधायक निजामुद्दीन बट ने विधानसभा में विश्वविद्यालय की स्थापना को लेकर प्रस्ताव रखा था, जो पारित हुआ। वहीं, 28 सितंबर, 2026 को नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा के सवाल के जवाब में कानून विभाग ने बताया था कि सरकार ने अधिनियम की धारा 3 के तहत विश्वविद्यालय के मुख्यालय और स्थान को अधिसूचित नहीं किया है।
सरकार ने यह भी बताया था कि स्थापना के लिए धनराशि उपलब्ध कराई जा चुकी है। बुनियादी ढांचे, शिक्षकों की नियुक्ति, प्रवेश प्रक्रिया और वित्तीय जरूरतों को लेकर गठित समिति अपनी रिपोर्ट सौंप चुकी है।
उमर ने निकाला बीच का रास्ता
जम्मू-कश्मीर मामलों के जानकार उमर मकबूल के अनुसार, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने राजनीतिक परिपक्वता दिखाते हुए इस विवाद का बीच का रास्ता निकाला है। बडगाम में मुख्यालय स्थापित करने से उन्होंने वहां के लोगों से विधानसभा में किया अपना वादा निभाने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
वहीं, जम्मू में अलग परिसर की घोषणा कर इस क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग को भी संबोधित किया है।इस फैसले को दोनों प्रांतों के बीच शैक्षणिक अवसरों और राजनीतिक प्रतिनिधित्व का संतुलन बनाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
अब सबकी नजर विश्वविद्यालय के लिए जरूरी बुनियादी ढांचे के विकास, शिक्षकों की नियुक्ति और शैक्षणिक गतिविधियां शुरू करने की समयसीमा पर रहेगी। असली चुनौती इस फैसले को जमीन पर उतारने की होगी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।