जम्मू-कश्मीर: NHM कर्मचारियों का 9 सितंबर से तीन दिवसीय हड़ताल का एलान, सरकार पर मांगों की अनदेखी का आरोप
जम्मू-कश्मीर के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारी 9 सितंबर से 72 घंटे की प्रदेशव्यापी हड़ताल पर जाएंगे।

जम्मू-कश्मीर: NHM कर्मचारियों का 9 सितंबर से तीन दिवसीय हड़ताल का एलान (फाइल फोटो)
HighLights
एनएचएम कर्मचारी 9 सितंबर से 72 घंटे की हड़ताल पर
वेतन वृद्धि, स्थायीकरण और तबादला नीति मुख्य मांगें
सरकार पर मांगों की अनदेखी का आरोप, आंदोलन अंतिम विकल्प।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। जम्मू-कश्मीर के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारियों ने अपनी लंबे समय से लंबित मांगों पर सरकार की ओर से कोई भी कार्रवाई नहीं होने के विरोध में 9 सितंबर से 72 घंटे की केंद्र शासित प्रदेशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है।कर्मचारी वेतन बढ़ाने, सभी को स्थायी करने, तबादला नीति बनाने सहित कई मांगे कर रहे हैं।
हड़ताल में जम्मू और कश्मीर दोनों संभागों के जिला, ब्लाक और फील्ड स्तर पर कार्यरत एनएचएम कर्मचारी शामिल होंगे। इसके अलावा राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम तथा एनएचएम की अन्य योजनाओं से जुड़े कर्मचारी भी आंदोलन का समर्थन करेंगे।
यह फैसला एनएचएम कर्मचारियों की प्रदेश स्तर की संयुक्त समन्वय समिति की वर्चुअल बैठक में लिया गया। समिति के अनुसार पांच सितंबर को दिए गए अल्टीमेटम के बावजूद सरकार और संबंधित अधिकारियों की ओर से उनकी मांगों पर संतोषजनक प्रतिक्रिया नहीं मिली।
समिति ने कहा कि कर्मचारियों की ओर से कई बार ज्ञापन सौंपे गए, अधिकारियों के साथ बातचीत हुई और आश्वासन भी मिले, लेकिन उनकी समस्याओं के समाधान के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
समिति ने प्रस्तावित हड़ताल को अंतिम विकल्प बताते हुए कहा कि बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने के सभी प्रयास विफल रहे हैं।
कश्मीर डिवीजन के अध्यक्ष मुनीर अंद्राबी ने कहा कि एनएचएम कर्मचारी लगातार धैर्य बनाए हुए थे और उन्हें उम्मीद थी कि बातचीत के जरिए उनकी मांगों का समाधान होगा। हालांकि, ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण अब उनके पास सामूहिक आंदोलन के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।
वहीं राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम जम्मू-कश्मीर क अध्यक्ष मुसद्दिक रफीक पर्रा ने कहा कि राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम और एनएचएम की अन्य योजनाओं में कार्यरत कर्मचारी भी प्रदेशव्यापी हड़ताल में शामिल होंगे। उन्होंने सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था में एनएचएम कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी जोर दिया।
यह घोषणा ऐसे समय हुई है जब एमबीबीएस और बीडीएस इंटर्न अपने मासिक इंटर्नशिप स्टाइपेंड में बढ़ोतरी की मांग को लेकर लगातार छठे दिन हड़ताल पर हैं। गौरतलब है कि एनएचएम कर्मचारियों ने अप्रैल 2026 में भी दो दिवसीय हड़ताल की थी। उस समय स्वास्थ्य मंत्री सकीना इट्टू ने कर्मचारियों को उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।