जम्मू कश्मीर के साल 2020-21 के पहले जिला पूंजी खर्च बजट को मंजूरी, 5136 करोड़ रुपये जारी
उपराज्यपाल जीसी मुर्मू ने जम्मू कश्मीर अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड द्वारा जनहित की 500 वित्त पोषित परियोजनाओं के पूरा होने पर काफी टेबल बुक जारी की है।
जम्मू, राज्य ब्यूरो : उपराज्यपाल जीसी मुर्मू ने जम्मू कश्मीर के साल 2020-21 के पहले जिला पूंजी खर्च बजट को मंजूरी दी है। यह बजट 5136.40 करोड़ का है जो पिछले साल के बजट 3079.54 करोड़ की तुलना में 67 फीसद अधिक है। जिला योजना और विकास बोर्ड का गठन होगा जिनमें जन प्रतिनिधियों की पूरी भागीदारी होगी। डीसी ऑनलाइन तरीके से विकास की निगरानी करेंगे। लोगों की शिकायत का निवारण करेंगे। प्रोजेक्टों के कामकाम में बेतहरी लाने के लिए 30 फीसद की बढ़ोतरी होगी।
उपराज्यपाल की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक में बजट के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। मुर्मू ने कहा कि पंचायतों को सशक्त बनाने और विकास को गति देने पर खास ध्यान रखा जाएगा। धनराशि का उचित उपयोग किया जाएगा। उपराज्पाल ने कहाकि जिला योजना विकास बोर्ड का गठन होगा जिसके जरिए जन प्रतिनिधियों की भागीदारी को सुनिश्चित बनाते हुए जमीनी सतह पर विकास होगा। पंचायत और ब्लॉक स्तर की योजनाएं बनाई जाएगी। कोशिश होगी कि विकास में कोरोना से उपजे हालात विघ्न न बनें। यह सुनिश्चित होगा कि प्रोजेक्ट निर्धारित समय में पूरे किए जाएं। केंद्र प्रायोजित योजनाओं के तहत प्रोजेक्टों की समीक्षा होगी। जिला पूंजी खर्च बजट के तीन पहलू है जिसमें केंद्रीय योजनाओं को लेकर 4543.47 करोड़, ऋण 403.50 करोड़ और जम्मू कश्मीर का हिस्सा 189.34 करोड़ शामिल है।
उपराज्यपाल ने कहा कि शारीरिक दूरी समेत नियमों का पालन किया जाए। स्वास्थ्य, जल शक्ति, शिक्षा को प्राथमिकता पर लिया जाएगा। पच्चीस लाख विद्यार्थियों को फायदा पहुंचाना, 705 किलोमीटर सड़कों को पूरा करना आदि शामिल है। इस साल प्रोजेक्ट पूरा करने की गति में 30 फीसद की तेजी लाई है। जियो टैगिंग की जाएगी। हर जिला में पर्यटन स्थल को बेहतर बना कर विकसित किया जाएगा।
मुर्मू ने परियोजनाओं पर टेबल बुक जारी
उपराज्यपाल जीसी मुर्मू ने जम्मू कश्मीर अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड द्वारा जनहित की 500 वित्त पोषित परियोजनाओं के पूरा होने पर काफी टेबल बुक जारी की है। यह परियोजना धनाभाव के कारण कई वर्षो से लटकी हुई थी। इनमें से 200 परियोजनाओं को फरवरी क दौरान ही पूरा कर लिया था। 500 परियोजनाओं को पूरा करने का लक्ष्य मार्च 2020 में ही पूरा कर लिया। जम्मू कश्मीर के विकास के एजेंडे को आगे बढ़ाने में संस्था अहम चालक है।