Jammu Kashmir BJP: जम्मू-कश्मीर में 50 लाख मास्क बांट कोरोना विरोधी मुहिम को बल देगी भाजपा
भाजपा प्रदेश प्रधान रविन्द्र रैना ने कहा कि मुहिम तेजी से जारी है। यह मास्क केवल जम्मू में ही नहीं बल्कि विभिन्न जिलों में वितरित किए जा रहे हैं।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। कोरोना वायरस को जम्मू-कश्मीर में आगे बढ़ने से रोकने के लिए भारतीय जनता पार्टी जम्मू-कश्मीर में 50 लाख मास्क बांटने की राह पर है। प्रदेश में भाजपा की राजनीति पर ब्रेक है तो कोरोना की मुहिम को तेजी देने के लिए कार्यकर्ता तेज गति से काम कर रहे हैं। पंचायत स्तर तक भाजपा की महिला कार्यकर्ता इन दिनों सिलाई मशीन पर अपनी कुशलता का परिचय देकर हर रोज हजारों मास्क बनाकर प्रदेश अध्यक्ष, जिला प्रधानों को सौंप रहे हैं। पिछले तीन दिन के अंदर प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र रैना को महिला नेताओं ने दस हजार से अधिक मास्क बनाकर दिए हैं। इनमें से तीन हजार के करीब मास्क पार्टी की नेता रेखा महाजन व इतने ही महिला मोर्चा की पूर्व जिला प्रधान वीना गुप्ता ने दिए हैं। इसके साथ अन्य पिछड़े वर्ग मोर्चा समेत भाजपा की कई इकाइयों ने भी मास्क बनाकर पार्टी नेताओं को सौंपे हैं।
हाई कमान के दिशा निर्देश पर पार्टी ने जारी माह में अब तक 10 लाख मास्क बांट दिए हैं। प्रदेश के विभिन्न जिलों में हर रोज 20 हजार से अधिक मास्क बनाकर पार्टी को सौंप रहे हैं। हमारी कोशिश है कि मई तक 50 लाख मास्क बांटकर लोगों को कोरोना से लड़ने की मुहिम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया जाए। यह कहना है भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र रैना का। उन्होंने बताया कि इस समय जम्मू-कश्मीर भाजपा प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रही है। ऐसे में पार्टी नेता, कार्यकर्ता न सिर्फ मास्क अपितु पीपीई किट भी उपलब्ध करवा रहे हैं। ऐसा कर स्वास्थ्य विभाग की कोरोना विरोधी मुहिम को बल दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में सभी जिलों के अध्यक्षों, वरिष्ठ नेताओं को इस समय हिदायद दी गई है कि वे जरूरतमंद लोगों की मदद करने के साथ हर उस विभाग को सहयोग दें, जो कोरोना वायरस को खत्म करने की जद्दोजहद कर रहे हैं।
लोगों को जागरूक बनाने के साथ प्रदेश भाजपा कोरोना के खिलाफ लड़ाई को बल देने के लिए आर्थिक सहयोग जुटाने में भी इस समय सबसे आगे है। पार्टी अब तक प्रधानमंत्री केयर्स फंड में दो करोड़ रूपये दे चुकी है। इसके साथ एक करोड़ रूपये की एक ओर किश्त देने की तैयारी की जा रही है। इसमें से साठ लाख के करीब सहयोग राशि जुटा ली गई है। अगले कुछ दिनों में प्रदेश भाजपा एक करोड़ रूपये का तीसरा चैक प्रधानमंत्री केयर्स फंड के लिए भेजने जा रही है।