विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नवरात्र से भाईदूज तक गुलजार रहा जम्मू-कश्मीर का ऑटो बाजार, एक महीने में बिकीं 31,951 गाड़ियां; दिसंबर में आएंगे ऑफर

By Lalit KumarEdited By: Dallu Slathia
Published: Fri, 27 Nov 2026 07:00 AM (IST)

जम्मू-कश्मीर में त्योहारी सीजन में 30 हजार से अधिक वाहन बिके, जो सामान्य से दोगुने हैं। पिछले साल के मुकाबले बिक्री कम रही, लेकिन आगामी ऑफर्स से बाजार में तेजी की उम्मीद है।

त्योहारी सीजन में जम्मू-कश्मीर के लोगों ने खरीदे 31000 से ज्यादा वाहन। (AI Generated)

त्योहारी सीजन में जम्मू-कश्मीर के लोगों ने खरीदे 31000 से ज्यादा वाहन। (AI Generated)

HighLights

  1. त्योहारी सीजन में कुल 31,951 वाहनों की बिक्री हुई।

  2. पिछले साल के जीएसटी सुधारों के कारण बिक्री कम रही।

  3. शादी सीजन और नए मॉडलों से बाजार में तेजी की उम्मीद।

जागरण संवाददाता, जम्मू। शारदीय नवरात्र से आरंभ हुए त्योहारी सीजन में इस बार जम्मू-कश्मीर का आटोमोबाइल सेक्टर खरीदारों से गुलजार रहा। नवरात्र से लेकर भाईदूज तक, पूरे एक महीने के दौरान 30 हजार से अधिक वाहनों की बिक्री हुई जोकि एक महीने की औसतन बिक्री से करीब दोगुनी रही। आमतौर पर प्रदेश में एक महीने में औसतन 15 से 20 हजार वाहनों की बिक्री होती है और इस बार 11 अक्टूबर को शारदीय नवरात्र आरंभ हुए थे और 11 नवंबर को भाईदूज था।

इसके साथ ही शादियों का सीजन भी शुरू हुआ जो अभी जनवरी 2027 तक जारी रहेगा, ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि इस साल की अंतिम तीमाही में आटोमोबाइल सेक्टर में उत्साहवर्धक बिक्री देखने को मिलेगी।

दोपहिया वाहनों की बिक्री सबसे ज्यादा

इस साल के त्योहारी सीजन में वाहनों की बिक्री पर अगर एक नजर डाली जाए तो सबसे अधिक 18,341 दो पहिया वाहनों की बिक्री हुई, जिसमें इलेक्ट्रिक स्कूटरों की भी अच्छी-खासी हिस्सेदारी रही। त्योहारी सीजन में चार पहिया निजी वाहन खरीदने वालों की भी कोई कमी नहीं रही और सीजन में 9840 वाहनों की बिक्री हुई।

त्योहारी सीजन में जिस तरह का मार्केट में उत्साह नजर आया है, उससे आटोमोबाइल सेक्टर को पूरी उम्मीद है कि मौजूदा शादियों के सीजन और साल अंत में कंपनियों की ओर से दी जाने वाली आकर्षक आफरों से मार्केट में उत्साह बना रहेगा।

पिछले साल जीएसटी सुधारों के चलते आया था बूम

इस साल के त्योहारी सीजन और पिछले साल के त्योहारी सीजन में हुई बिक्री का आकलन किया जाए तो 2025 के मुकाबले 2026 के त्योहारी सीजन में वाहनों की बिक्री 15.22 प्रतिशत कम रही। वर्ष 2025 के त्योहारी सीजन में कुल 37,687 वाहनों की बिक्री हुई थी जबकि इस त्योहारी सीजन में 31,951 वाहनों की बिक्री हुई।

वर्ष 2025 में वाहनों की बिक्री में जबरदस्त उछाल उस समय जीएसटी सुधारों के कारण हुआ था। केंद्र सरकार की ओर से वाहनों पर लगने वाले जीएसटी को 28 प्रतिशत से कम करके 18 प्रतिशत किया गया था।

इसका बाजार में तत्काल प्रभाव दिखा और जमकर खरीदारी हुई। यह प्रभाव अब बाजार में लगभग सामान्य रूप ले चुका है जिससे बिक्री भी सामान्य होती नजर आई।

त्योहारी सीजन में वाहनों की बिक्री

कुल बिक्री : 31,951

दो पहिया वाहन : 18,341

तीन पहिया वाहन : 2031

कारें : 9840

ट्रैक्टर : 482

साल के अंत में ऑटोमोबाइल बाजार को मिलेगी नई रफ्तार?

फेडरेशन आफ आटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन जेएंडके के चेयरमैन संजय अग्रवाल ने बताया कि पिछले साल के त्योहारी सीजन की तुलना में इस बार के त्योहारी सीजन में हालांकि बिक्री कम हुई है लेकिन मार्केट में अपट्रेंड जारी है क्योंकि अगर 2024 के त्योहारी सीजन से तुलना की जाए तो 2026 के त्योहारी सीजन में 10.38 प्रतिशत की अधिक बिक्री हुई है।

वर्ष 2025 में जीएसटी सुधार बिक्री में भारी उछाल का एक मुख्य कारण रहा। अब उम्मीद है कि दिसंबर माह में अच्छी बिक्री होगी क्योंकि इस दौरान कुछ अच्छी आफर के साथ कई कंपनियों के नए माडल भी बाजार में आएंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।