विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 20, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Jammu Kashmir: सभी 20 जिलों में रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू, रोटेशन में खुलेंगी 50% दुकानें

By Rahul SharmaEdited By:
Published: Tue, 20 Apr 2021 02:12 PM (IST)

Coronavirus Effect In Jammu Kashmir काेरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच जम्मू कश्मीर में स्कूल कालेज व सभी शिक्षण ...और पढ़ें

आदेश के बाद भी रविवार को सभी दुकानें बंद रखने का फैसला लिया है।
आदेश के बाद भी रविवार को सभी दुकानें बंद रखने का फैसला लिया है।

जम्मू, जागरण संवाददाता: कोरोना की विस्फोटक स्थिति को देखते हुए जम्मू कश्मीर प्रशासन ने प्रदेश के सभी बीस जिलों में रात दस बजे से सुबह छह बजे तक कर्फ्यू के आदेश जारी कर दिए हैं। मौजूदा समय जम्मू कश्मीर के आठ जिलों में यह कर्फ्यू लगाया जा रहा था लेकिन अब कोरोना की भयावह स्थित को देखते हुए इसे पूरे प्रदेश में लागू कर दिया गया है। इसके अलावा प्रदेश में बाजारों को भी रोटेशन के आधार पर खोलने का आदेश जारी किया गया है। यानि अब बाजार में रोजाना पचास प्रतिशत दुकानें ही खुलेंगी और यह व्यवस्था अगले आदेश के जारी होने तक रहेगी।

उपराज्यपाल के कार्यालय के यह आदेश मंगलवार को जारी किए गए हैं और उपराज्यपाल ने सभी डिप्टी कमिश्नरों से इस आदेश को सख्ती से लागू करवाने के निर्देश भी दिए हैं। जम्मू कश्मीर में कोरोना के मामले लगातार तेजी से बढ़ रहे हैं। प्रदेश में साेमवार को पंद्रह सौ से अधिक कोरोना के मामले आए हैं जो अब तक के सबसे ज्यादा मामले हैं। अस्पताल भी इस समय काेरोना के मरीजों से भरे पढ़े हैं और अगर यही स्थिति कुछ दिन और रही तो अस्पतालों में भी मरीजों को भर्ती करना संभव नहीं होगा।

उधर उपराज्यपाल के आदेश के बाद बुधवार से बाजार रोटेशन के आधार पर खुलेंगे। बाजार एसोसिएशन व जिला प्रशासन के बीच बातचीत कर फैसला लिया जाएगा कि वहां कौन कौन सी दुकानें या लेन को बारी बारी खोला जाएगा। सभी जिला प्रशासन ने पहले ही बाजार एसोसिएशनों से सहयोग मांगा था जिसके बाद जम्मू शहर के सबसे बड़े होलसेल बाजार वेयर हाउस सहित कुछ अन्य ने सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे दुकानें खोलने का फैसला अपने स्तर पर लिया था लेकिन अब वे भी रोटेशन के आधार पर ही खुलेंगे।

यात्री वाहनों में बैठेंगे क्षमता से अधिक यात्री: कोरोना संक्रमण को देखते हुए प्रशासन ने यात्री वाहनों के लिए भी कुछ हिदायतें जारी की हैं। प्रशासन ने सभी यात्री वाहनों में अब क्षमता से आधे यात्रियों को ही बिठाने के आदेश जारी किए हैं। उपराज्यपाल प्रशासन ने इस आदेश को सख्ती से लागू करवाने के लिए सभी जिलों के एसएसपी को निर्देश दिए हैं कि वे गाड़ियों में यात्रियों पर नजर रखें। एक सीट पर एक ही सवारी को बिठाया जाए और अगर किसी यात्री वाहन में आधी क्षमता से अधिक यात्री पाए जाते हैं तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए।

पंद्रह मई तक पहले ही बंद है स्कूल, कालेज व सभी शिक्षण संस्थान: काेरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच जम्मू कश्मीर में स्कूल, कालेज व सभी शिक्षण संस्थान पहले ही पंद्रह मई तक बंद हैं। जम्मू कश्मीर प्रशासन ने कोरोना से विद्यार्थियों को बचाने के लिए पहले ही यह फैसला ले लिया था। वहीं जम्मू संभाग के समर जोन में चल रही दसवीं व ग्यारहवीं की परीक्षाओं को भी रद्द कर दिया गया था जबकि बारहवीं की परीक्षाओं को भी स्थगित कर दिया गया है। बारहवीं की बाकी बची परीक्षाओं को करवाने का फैसला एक महीने बाद प्रशासन लेगा और वह भी अगर स्थिति कुछ सामान्य हुई। उधर बाजार एसोसिएशन ने प्रशासन के रोटेशन से बाजार खोलने के आदेश के बाद भी रविवार को सभी दुकानें बंद रखने का फैसला लिया है। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।