जम्मू बस अड्डे पर बड़ी कार्रवाई, पंजाब से लाया गया 1.70 लाख रुपये का 850 किलो नकली पनीर जब्त
जम्मू खाद्य सुरक्षा विभाग ने बस स्टैंड पर पंजाब से लाए गए 850 किलोग्राम पनीर की खेप जब्त की। यह कार्रवाई अपर्याप्त तापमान नियंत्रण और लेबलिंग नियमों के उल्लंघन पर की गई, जिसकी कीमत 1.70 लाख रुपये है।
-1795577939010_m.webp)
जम्मू बस अड्डे पर बरामद हुआ नकली पनीर (जागरण फाइल फोटो)
HighLights
जम्मू बस स्टैंड पर 850 किलो पनीर की खेप जब्त
अपर्याप्त तापमान और लेबलिंग नियमों का उल्लंघन पाया गया
खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच शुरू की, कानूनी कार्रवाई होगी
राज्य ब्यूरो, जम्मू। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जम्मू बस स्टैंड पर सोमवार की देर रात विशेष जांच अभियान चलाकर 850 किलोग्राम पनीर की खेप जब्त की।
जब्त किए गए पनीर की कीमत करीब 1.70 लाख रुपये बताई जा रही है। प्रारंभिक दस्तावेजों के अनुसार पनीर की यह खेप पंजाब से जम्मू लाई जा रही थी।
लेकिन इसे पर्याप्त तापमान नियंत्रण में नहीं रखा गया था। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत निर्धारित लेबलिंग संबंधी नियमों का भी पालन नहीं किया गया था।
डिप्टी कमिश्नर फूड सेफ्टी की निगरानी में की गई इस कार्रवाई के दौरान टीम ने नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए पूरी खेप को जब्त कर लिया।
जिम्मेदार लोगों पर होगी कार्रवाई
मामले में जांच शुरू कर दी गई है, ताकि पनीर के परिवहन से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाने के साथ जिम्मेदार लोगों की पहचान की जा सके। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग जम्मू-कश्मीर ने दोहराया है कि पनीर, मटन और मछली सहित सभी खराब होने वाली खाद्य वस्तुओं का परिवहन, भंडारण और रखरखाव निर्धारित तापमान नियंत्रण व्यवस्था के तहत किया जाना अनिवार्य है।
साथ ही इन खाद्य पदार्थों पर निर्धारित लेबलिंग नियमों का पालन करना जरूरी है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रखरखाव, भंडारण और लेबलिंग पर रखी जाएगी कड़ी नजर
विभाग ने कहा कि आम जनता के स्वास्थ्य की सुरक्षा और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य कारोबारियों के खिलाफ ऐसे प्रवर्तन अभियान आगे भी जारी रहेंगे। विशेष रूप से खराब होने वाली खाद्य वस्तुओं के सुरक्षित परिवहन, भंडारण, रखरखाव और लेबलिंग पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
वहीं, खाद्य सुरक्षा विभाग ने उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि यदि उन्हें कहीं असुरक्षित या मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री अथवा वितरण की जानकारी मिलती है, तो वे इसकी शिकायत विभाग के आधिकारिक ईमेल पर कर सकते हैं।