नौकरी का इंतजार करते-करते निकल गई उम्र, फायर एंड इमरजेंसी भर्ती के अभ्यर्थियों का जम्मू में जोरदार प्रदर्शन
फायर एंड इमरजेंसी भर्ती घोटाले के विरोध में जम्मू में अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन किया, जिसमें निष्पक्ष जांच और भर्ती सूची रद्द करने की मांग की गई। उन्होंने पेपर लीक और धांधली का आरोप लगाते हुए दोषियों पर कार्रवाई की अपील की।

फायर एंड इमरजेंसी भर्ती में धांधली पर जम्मू सचिवालय के बाहर हंगामा। (फोटो- जागरण)
HighLights
फायर एंड इमरजेंसी भर्ती घोटाले के खिलाफ जम्मू में प्रदर्शन।
अभ्यर्थियों ने निष्पक्ष जांच और भर्ती सूची रद्द करने की मांग की।
दोषियों पर कार्रवाई न होने पर आंदोलन जारी रखने की चेतावनी।
जागरण संवाददाता, जम्मू। फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज की भर्ती प्रक्रिया में धांधली के खिलाफ वीरवार को ड्रापआउट अभ्यर्थियों ने जम्मू में प्रदर्शन किया। कश्मीर घाटी से जम्मू पहुंचे अभ्यर्थियों ने शालामार चौक स्थित सिविल सचिवालय के मुख्य गेट के बाहर एकत्रित होकर प्रदेश सरकार और फायर एंड इमरजेंसी विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने वर्ष 2020 की भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच के साथ भर्ती सूची रद करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व फायर एंड इमरजेंसी ड्रापआउट अभ्यर्थियों के अध्यक्ष निसार अहमद कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रिया में पेपर लीक और धांधली के कारण योग्य उम्मीदवारों को चयन से वंचित कर दिया गया।
लंबे समय से न्याय की मांग कर रहे कई अभ्यर्थी अब आयु सीमा पार कर चुके हैं, जिससे उनके सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है। प्रदर्शन के दौरान एक अभ्यर्थी मोहम्मद यूनुस अचानक बेहोश हो गया। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने उसे सरकारी वाहन से अस्पताल पहुंचाया।
दो प्रदर्शनकारियों को पुलिस स्टेशन ले गई पुलिस
इस बीच प्रदर्शनकारी कई बार सिविल सचिवालय की ओर बढ़ने लगे, लेकिन वहां तैनात पुलिस ने उन्हें रोक दिया। पुलिस दो प्रदर्शनकारियों खुर्शीद अहमद परे और शौकत अहमद वानी को पुलिस स्टेशन सिटी भी ले गई। हालांकि, करीब 10 से 15 मिनट बाद उन्हें वापस भेज दिया गया और वे दोबारा प्रदर्शन में शामिल हो गए।
कई वर्षों से न्याय की मांग कर रहे अभ्यर्थी
प्रदर्शनकारी निसार अहमद ने कहा कि वे पिछले कई वर्षों से न्याय की मांग कर रहे हैं और अब तक संबंधित अधिकारियों को 60 से 70 ईमेल भेज चुके हैं। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को बार-बार आश्वासन दिया गया, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। कई उम्मीदवार श्रीनगर से जम्मू आकर प्रदर्शन करने को मजबूर हैं।
उन्होंने दावा किया कि एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने भर्ती घोटाले की जांच में कई महत्वपूर्ण तथ्य जुटाए हैं। उनका आरोप है कि पेपर लीक करने में शामिल लोगों, पैसों के लेन-देन और चयन प्रक्रिया में हुई कथित अनियमितताओं की जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए।
103 चयनित उम्मीदवारों को हटाने पर उठाए सवाल
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि कथित अनियमितताओं के चलते 103 चयनित उम्मीदवारों को नौकरी से हटाया गया है, तो अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हुई।
प्रदर्शनकारियों ने उपराज्यपाल, प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री से मामले में हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।