विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू में नौकरी के नाम पर फर्जी परीक्षा का भंडाफोड़, जाली MTS परीक्षा करवा रहे थे शातिर; ऐसे खुला राज

Published: Thu, 05 Nov 2026 03:39 PM (IST)

जम्मू के सतवारी में नौकरी दिलाने के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है, जहां एक फर्जी वेबसाइट के जरिए ...और पढ़ें

जम्मू में नौकरी के नाम पर फर्जी एमटीएस भर्ती परीक्षा का खुलासा। (फाइल फोटो)

जम्मू में नौकरी के नाम पर फर्जी एमटीएस भर्ती परीक्षा का खुलासा। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. जम्मू में एमटीएस भर्ती के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया।

  2. फर्जी वेबसाइट बनाकर बाहरी राज्यों के युवाओं को परीक्षा के लिए बुलाया।

  3. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की, एफआईआर दर्ज।

जागरण संवाददाता, जम्मू। सतवारी के रानीबाग इलाके में नौकरी दिलाने के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। यहां एक फर्जी वेबसाइट के माध्यम से एमटीएस (मल्टी टास्किंग स्टाफ) पदों के लिए भर्ती का विज्ञापन देकर बाहरी राज्यों के युवाओं को परीक्षा देने के लिए जम्मू बुलाया गया। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। सूत्रों के अनुसार, सतवारी पुलिस थाने में इस संबंध में एफआईआर भी दर्ज की गई है।

ठगों ने ओपीजीसीआई के नाम से फर्जी वेबसाइट तैयार कर एमटीएस पदों के लिए भर्ती का विज्ञापन जारी किया था। नौकरी की उम्मीद में विभिन्न राज्यों के युवाओं ने आनलाइन आवेदन किया और उन्हें रानीबाग स्थित एक बिल्डिंग में परीक्षा देने के लिए बुलाया गया।

बताया जा रहा है कि परीक्षा दो शिफ्टों में आयोजित की गई। सुबह की शिफ्ट में 19 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि शाम की शिफ्ट में 18 युवा परीक्षा देने पहुंचे। इस तरह कुल 37 अभ्यर्थियों के परीक्षा में शामिल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें से कई अभ्यर्थी बाहरी राज्यों से जम्मू पहुंचे थे।

परीक्षा की असलियत पर अभ्यर्थियों को हुआ शक

युवाओं को जब परीक्षा की वास्तविकता और भर्ती प्रक्रिया को लेकर संदेह हुआ तो मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंची। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अभ्यर्थियों के दस्तावेजों तथा परीक्षा से संबंधित रिकार्ड की जांच शुरू की। मौके पर एसडीपीओ गांधी नगर कुलजीत सिंह और एसएचओ सतवारी परमजीत सिंह सहित पुलिस की अन्य टीमें पहुंचीं।

शुरुआती जांच में वेबसाइट, भर्ती विज्ञापन, एडमिट कार्ड और परीक्षा आयोजित करवाने वाले लोगों की भूमिका को लेकर कई सवाल खड़े हुए हैं। दस्तावेजों में दर्ज नाम और परीक्षा केंद्र से संबंधित जानकारी में भी अंतर सामने आया है। फर्जीवाड़े से परीक्षा देने पहुंचे युवा और उनके परिजन काफी परेशान नजर आए।

पुलिस खंगाल रही भर्ती से जुड़े पूरे नेटवर्क को

 

कई अभ्यर्थियों को परीक्षा के बाद वापस अपने राज्यों के लिए रवाना होना था। परिजनों का कहना था कि वे नौकरी की उम्मीद लेकर जम्मू आए थे, लेकिन यहां पहुंचने पर उनके साथ धोखाधड़ी होने की आशंका सामने आई। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक परेशानी भी झेलनी पड़ी।

फिलहाल पुलिस फर्जी वेबसाइट तैयार करने वालों, भर्ती का विज्ञापन जारी करने वालों और परीक्षा आयोजित करवाने में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। जांच के बाद ही इस पूरे नेटवर्क और कथित नौकरी घोटाले की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।