यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 14, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jammu News: दम तोड़ती गेहूं की फसल को वर्षा से मिला जीवनदान, किसान पंपसेट का सहारा लेकर कर रहे थे सिंचाई
Jammu News नए वर्ष की पहली वर्षा ने किसानों को बड़ी राहत दी है। लंबे समय से वर्षा नहीं होने ...और पढ़ें

जम्मू, जागरण संवाददाता। नए वर्ष की पहली बार हुई वर्षा ने किसानों को बड़ी राहत दी है। इससे गेहूं की दम तोड़ रही फसलों को जीवनदान मिल गया है। जमीन में भरपूर नमी बन गई है जो कि गेहूं की फसल के विकसित होने के लिए लंबे समय तक चलेगी। वर्षा के होने से साग सब्जी की फसल को भी बल मिला है। लंबे समय से वर्षा नहीं हो रही थी। इससे गेहूं की फसल बुरी तरह से प्रभावित हो रही थी।
खासकर कंडी क्षेत्रों में तो फसल पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा था। नए साल में वर्षा होने से फसलों को बल मिल गया है। फसलों पर कोहरे की मार भी पड़ रही थी, वर्षा से कोहरा भी छंट गया है। किसानों ने कहा कि देरी से ही सही, लेकिन वर्षा वरदान बनकर आई है। मध्य की स्थित की ओर बढ़ रही गेहूं की फसल को पानी की सख्त जरूरत थी। फसलों को बचाने के लिए हालांकि किसान पंप सेट का सहारा ले रहे थे। वर्षा का इंतजार कर रहे थे। बारिश होने से साग सब्जी को भी लाभ मिलेगा।
बागवानी के लिए बारिश वरदान साबित होगी
पनोतरे चक के किसान कुलदीप राज का कहना है कि अब खुलकर सब्जी खेतों से निकल पाएगी। बारिश हर लिहाज से बेहतर है। बागवानी के लिए भी बारिश वरदान साबित होगी। कंडी क्षेत्र में हरा चारा अब बहुतायत में पनप सकेगा। कृषि विशेषज्ञ अरुण जराल का कहना है कि लंबे समय से बारिश नहीं होने से फसलों पर कहीं न कहीं प्रभाव पड़ रहा था, लेकिन देर से ही सही, बारिश हो गई जो कि खेती के लिए फायदेमंद है।
