श्री अमरनाथ यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए मुस्तैद हैैं जम्मू कश्मीर पुलिस व सुरक्षाबलों के जवान, सांबा में माक ड्रिल
माकड्रिल के शुरुआती समय में स्थानीय लोगों एवं यात्रियों को लगा कि जैसे सच में कोई आतंकी वारदात हो गई है बाद में सुरक्षाबल के जवानों ने उन्हें बताया कि यह हमारा अभ्यास सत्र चल रहा है। इसके बाद लोगों ने राहत महसूस की।
सांबा, संवाद सहयोगी : श्री अमरनाथ यात्रा पर आने वाले बाबा बर्फानी के भक्तों के लिए सांबा के चीची माता मंदिर में बनाए गए आवास केंद्र में शुक्रवार शाम को सुरक्षाबलों ने माकड्रिल कर अपनी सुरक्षा तैयारियां परखीं। माकड्रिल के शुरुआती समय में स्थानीय लोगों एवं यात्रियों को लगा कि जैसे सच में कोई आतंकी वारदात हो गई है, बाद में सुरक्षाबल के जवानों ने उन्हें बताया कि यह हमारा अभ्यास सत्र चल रहा है। इसके बाद लोगों ने राहत महसूस की।
अभ्यास की अगुआई जम्मू कश्मीर पुलिस के विशेष दस्ते (एसओजी) के डीएसपी गारू राम भारद्वाज कर रहे थे। उनके साथ सीआरपीएफ के अधिकारी एवं जवान भी मौजूद थे। अभ्यास सत्र के दौरान जवानों एवं अधिकारियों ने पूरे मंदिर को छावनी में बदल दिया था। हर ओर जवान अपने हथियारों के साथ मुस्तैद नजर आ रहे थे। डीएसपी गारू राम ने बताया कि अमरनाथ यात्रा को लेकर लगातार धमकियां मिल रही हैैं, जिसको लेकर सुरक्षाबल मुस्तैद हैैं।
हाईवे पर होने से संवेदनशील है मंदिर : उन्होंने बताया कि चीची माता जी का मंदिर जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर ही स्थित है। यहां पर बाबा अमरनाथ के भक्तों समेत कई यात्री रुकते हैैं। इसलिए यह जगह ज्यादा संवेदनशील है। इसीलिए इस जगह को अभ्यास के लिए चुना गया। इसी के साथ बसंतर दरिया भी लगता है जो कभी आतंकियों का पसंदीदा रास्ता रहा है। उन्होंने बताया कि उसके लिए भी हमारे सुरक्षाबलों के जवान मुस्तैद रहते हैैं।
उन्होंने अमरनाथ जी की यात्रा करने जा रहे श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि आप भी मुस्तैदी के साथ रहें और अपने आसपास जरूर नजर रखें। क्योंकि आए दिन नई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। कभी स्टिकी बम, रिवाल्वर सहित कई छोटे हथियारों से हमले किए जा रहे हैैं। उन्होंने बताया कि अमरनाथ यात्री हों या जम्मू कश्मीर में घूमने आया कोई भी पर्यटक, उसकी सुरक्षा करना हमारा परम कर्तव्य है। इसके लिए हम लोग हमेशा तत्पर हैं।