Jammu Kashmir : सरकार ने डब्ल्यूआरआरए के अध्यक्ष के लिए 15 दिन के भीतर मांगे आवेदन
डब्ल्यूआरआरए के अध्यक्ष और अन्य सदस्यों का कार्यकाल तीन वर्ष का होगा। इसके अलावा 65 वर्ष की उम्र होने पर भी उनका कार्यकाल समाप्त माना जाएगा। डब्लयूआरआरए का अध्यक्ष और सदस्य बने रहने तक वह किसी अन्य लाभजनक पद का लाभ नहीं उठा सकते।
जम्मू, राज्य ब्यूरो : जम्मू कश्मीर जल संसाधन नियामक प्राधिकरण (डब्ल्यूआरआरए) के अध्यक्ष और दो सदस्यों की नियुक्ति के लिए प्रदेश प्रशासन ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए जलशक्ति विभाग ने डब्ल्यूआरआरए में रिक्त पदों को भरने के लिए आवेदन मांगे हैं। दोनों पदों के लिए उम्मीदवार ईमेल के जरिए पीएससीपीएचई एट जीमेल डाट काम पर 15 दिन के भीतर आवेदन कर सकते हैं।
जलशक्ति विभाग को नियुक्ति प्रक्रिया के लिए अधिसूचना जारी की है। इसके अनुसार, अध्यक्ष पद के लिए आवेदन करने वाला सरकार में प्रधान सचिव या इसके समकक्ष पद पर आसीन हो या रह चुका हो। इसके अलावा उसे इंजीनियरिंग, वित्त, वाणिज्य, आर्थिकी, कानून, प्रशासन या प्रबंधन से जुड़े मुद्दों से निपटने व संबंधित गतिविधियों को निर्वहन में अनुभव होना चाहिए। सदस्य के दो रिक्त पदों में से एक पद पर उसी व्यक्ति को नियुक्त किया जाएगा, जिसने चीफ इंजीनियर या उसके समकक्ष पद पर काम किया हो और उसके पास हाइड्रोलिक इंजीनियरिंग का अनुभव हो।
डब्ल्यूआरआरए के अध्यक्ष और अन्य सदस्यों का कार्यकाल तीन वर्ष का होगा। इसके अलावा 65 वर्ष की उम्र होने पर भी उनका कार्यकाल समाप्त माना जाएगा। डब्लयूआरआरए का अध्यक्ष और सदस्य बने रहने तक वह किसी अन्य लाभजनक पद का लाभ नहीं उठा सकते।
अध्यक्ष को प्रधान सचिव के समानवेतन और भत्ते मिलेंगे या फिर उसने सरकारी सेवा में रहते हुए जो अंतिम वेतन प्राप्त किया होगा, दोनों में जो ज्यादा होगा, वही प्रदान किया जाएगा। इसी तरह सदस्य को चीफ इंजीनियर के समान वेतन और भत्ते मिलेंगे। अगर अध्यक्ष और सदस्य नियुक्ति के समय पेंशन प्राप्त कर रहे होंगे तो उसके वेतन से पेंशन की राशि काट ली जाएगी।
सर्विस सेलेक्शन बोर्ड में फेरबदल, चार अधिकारी वापिस बुलाए, चार नए अधिकारियों की नियुक्ति : उपराज्यपाल प्रशासन ने जम्मू कश्मीर सर्विस सेलेक्शन बोर्ड में फेरबदल किया गया है। बोर्ड के चार अधिकारियों को सरकार ने वापस बुलाया है और अगली नियुक्ति के लिए उन्हें सामान्य प्रशासनिक विभाग में इंतजार करने के लिए कहा गया है। इन सदस्यों शगुन शर्मा, आशिक हुसैन लिल्ली, नीलम खजूरिया और नारायण दत्त शामिल हैं। इसके साथ ही सरकार ने जम्मू-कश्मीर प्रशासनिक सेवा के चार अधिकारियों को सर्विस सेलेक्शन बोर्ड में भेजा है। अनंतनाग के एडिशनल डिप्टी कमिश्नर गुलाम हसन शेख का तबादला कर उन्हें बोर्ड में सदस्य बनाया गया है। इंडस्ट्री और कामर्स विभाग जम्मू में संयुक्त निदेशक अमित वरमानी का तबादला कर उन्हें बोर्ड में सदस्य बनाया गया है। हॉस्पिटैलिटी एंड प्रोटोकॉल कश्मीर के संयुक्त निदेशक रियाज अहमद मलिक का तबादला कर उन्हें जम्मू कश्मीर सर्विस प्रश्न बोर्ड का कंट्रोलर नियुक्त किया गया है। यूथ सर्विस एंड स्पोर्ट जम्मू के संयुक्त निदेशक अतुल कुमार का तबादला कर उन्हें बोर्ड में सदस्य बनाया गया है। यह आदेश सामान्य प्रशासनिक विभाग ने जारी किया।