विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

न महंगी रस्में, न दहेज की मांग... श्रीनगर में जाफरी काउंसिल ने 32 जोड़ों का कराया सामूहिक निकाह

Published: Mon, 23 Nov 2026 09:21 AM (IST)

जाफरी काउंसिल ने श्रीनगर में 12वीं सामूहिक शादी का आयोजन किया, जिसमें 32 जोड़ों का निकाह कराया गया। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बिना दहेज और दिखावे के सम्मानपूर्वक वैवाहिक जीवन शुरू करने का अवसर देना है।

32 जोड़ों का हुआ निकाह (जागरण फोटो)

32 जोड़ों का हुआ निकाह (जागरण फोटो)

HighLights

  1. जाफरी काउंसिल ने श्रीनगर में 12वीं सामूहिक शादी आयोजित की

  2. 32 जोड़ों का निकाह बिना दहेज और दिखावे के कराया गया

  3. आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सम्मानपूर्वक वैवाहिक जीवन मिला

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। शादियों में बढ़ते खर्च, दिखावे और दहेज प्रथा के बीच जाफरी काउंसिल आफ जम्मू-कश्मीर ने सादगी की मिसाल पेश की है। काउंसिल की ओर से रविवार को श्रीनगर के बाबा डेम्ब, बरबर शाह स्थित मैरिज हाल में 12वीं सामूहिक शादी का आयोजन किया गया। इसमें कश्मीर के विभिन्न इलाकों से आए 32 जोड़ों का निकाह कराया गया।

इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों, अनाथ लड़कियों और जरूरतमंद महिलाओं को बिना आर्थिक बोझ के सम्मानपूर्वक वैवाहिक जीवन शुरू करने का अवसर देना है। जाफरी काउंसिल ने गुजरात के भावनगर स्थित जेयू कुलसुम तालीम केंद्र के सहयोग से इस कार्यक्रम का आयोजन किया।

काउंसिल के चेयरमैन हाजी मुसद्दिक हुसैन मनहास के नेतृत्व में आयोजित समारोह में धार्मिक विद्वानों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, समुदाय के प्रतिनिधियों और अन्य गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया।

डीआइजी इम्तियाज हुसैन भी इस मौके पर मौजूद रहे। चेयरमैन हाजी मुसद्दिक हुसैन मनहास ने कहा कि विवाह एक पवित्र सामाजिक संस्था है, इसे महंगी रस्मों और दिखावे से जोड़ना उचित नहीं है।

शादी माता-पिता पर आर्थिक बोझ नहीं बननी चाहिए। उन्होंने लोगों से दहेज प्रथा को हर रूप में छोड़ने और सादगी से विवाह करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण किसी भी योग्य युवक या युवती को शादी से वंचित नहीं रहना चाहिए। गुलाम रसूल चकाना समेत अन्य वक्ताओं ने भी शादियों में बढ़ते खर्च और सामाजिक दिखावे पर चिंता जताई।

उन्होंने कहा कि महंगी शादियों को प्रतिष्ठा का प्रतीक मानने की सोच बदलनी होगी। समाज को सादगी, भाईचारे और आपसी सहयोग को बढ़ावा देना चाहिए।

काउंसिल की ओर से नवविवाहित जोड़ों को बिस्तर, बर्तन, कपड़े और जरूरी घरेलू उपकरण भी उपलब्ध कराए गए, ताकि वे अपने नए जीवन की शुरुआत आसानी से कर सकें।

डीआइजी इम्तियाज हुसैन ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास जरूरतमंद परिवारों को सहारा देने के साथ समाज में समानता और आपसी सहयोग की भावना को भी मजबूत करते हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।