लोकसभा में जम्मू मेट्रो प्रोजेक्ट शुरू करने का मुद्दा उठाया
शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए जम्मू-पुंछ के भाजपा सांसद जुगल किशोर शर्मा ने संसद में जल्द जम्मू मेट्रो प्रोजेक्ट शुरू करने का मुद्दा उठाया।
राज्य ब्यूरो, जम्मू : शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए जम्मू-पुंछ के भाजपा सांसद जुगल किशोर शर्मा ने संसद में जल्द जम्मू मेट्रो प्रोजेक्ट शुरू करने का मुद्दा उठाया।
लोकसभा में शून्यकाल में उन्होंने कहा कि जम्मू शहर की भविष्य की जरूरतों को पूरा करने के लिए जम्मू मेट्रो रेल प्रोजेक्ट समय की मांग है। शहर में वाहनों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। जम्मू मेट्रो प्रोजेक्ट की विभागीय रिपोर्ट पहले ही बन चुकी है। अब केंद्र सरकार इसे पूरा करने की दिशा में कार्रवाई करे। यह प्रोजेक्ट बनने से जम्मू संभाग में विकास को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने जोर दिया कि संबंधित मंत्री इस संबंध में आश्वासन दें।
जुगल किशोर ने कहा कि जम्मू शहर में तेजी से जनसंख्या में वृद्धि हो रही है। ऐसे हालात में परिवहन की वैकल्पिक व्यवस्था होना बहुत जरूरी है। लोग कई वर्षो से इस प्रोजेक्ट के बनने का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में केंद्र सरकार लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए इस प्रोजेक्ट पर जल्द काम शुरू करवाए। सड़कों पर वाहनों के दबाव को कम करने के लिए जम्मू शहर का दिल्ली जैसे शहरों की तर्ज पर विकास करवाना जरूरी है। ऐसा न होने पर जम्मू में ट्रैफिक समस्या विकराल रूप धारण कर लेगी। जुगल किशोर पहले भी कई बार लोकसभा में मेट्रो रेल प्रोजेक्ट का निर्माण शुरू करने का मुद्दा उठा चुके हैं।